जमीन दिलाने के नाम पर पूर्व छात्र ने 20 लाख हड़पे
गाजियाबाद। आईएमएआर कॉलेज डासना के पूर्व छात्र किशनराज सिंह ने कॉलेज संचालक सोसायटी को ही 20 लाख रुपये की चपत लगा दी। उसने जमीन गुरुग्राम में दिलाने के नाम पर रकम हड़पी। इस संबंध में आईडियल एजुकेशनल सोसायटी, शास्त्रीनगर के सचिव संजय बंसल ने कोर्ट के आदेश पर किशनराज के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है। आरोप है कि किशनराज ने फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी दिखाकर गुमराह भी किया।
आईडियल एजुकेशनल सोसायटी, शास्त्रीनगर के सचिव संजय बंसल का कहना है कि उनकी संस्था को कार्यालय के लिए गुरुग्राम में जमीन की जरूरत थी। एक दिन गुरुग्राम सेक्टर-55 निवासी किशनराज सिंह उनके पास आया। किशनराज उनकी सोसायटी के दुहाई स्थित कॉलेज आईएएमआर का पूर्व छात्र है। उसने बताया कि वह अपनी फर्म मैसर्स ज्ञानकुंज कंस्ट्रक्शन के जरिये जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करता है। वह उन्हें गुरुग्राम में अच्छी लोकेशन पर जमीन दिलवा देगा। संजय बंसल का कहना है कि 20 जनवरी 2016 को किशनराज ने उन्हें गुरुग्राम सेक्टर-55 में जमीन दिखाई। जमीन का मालिक भानुप्रताप भी मौके पर मौजूद था। भानुप्रताप ने कहा कि जल्द ही सारी जमीन की पावर ऑफ अटॉर्नी किशनराज के नाम हो जाएगी, जिसके बाद जमीन वह ही बेचेगा। संजय बंसल के मुताबिक 2253 वर्ग गर्ज जमीन का सौदा 2 करोड़ 47 लाख रुपये में तय हो गया। उन्होंने किशनराज व भानुप्रताप की बातों पर भरोसा करते हुए 28 जनवरी 2016 को आरटीजीएस के माध्यम से 20 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी दिखाकर किया गुमराह
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने कई बार रजिस्ट्री करने के लिए कहा, लेकिन किशनराज टरकाता रहा। पैसा वापस मांगने पर उसने 20 लाख रुपये का चेक दे दिया, लेकिन वह बाउंस हो गया। चेक बाउंस होने पर उन्होंने कोर्ट में केस डाल दिया। इसके बाद किशनराज ने उन्हें जमीन की पावर ऑफ अटॉर्नी दिखाई और केस वापस लेेने को कहा। जांच में उक्त पावर ऑफ अटॉर्नी भी फर्जी निकली। संजय बंसल का कहना है कि उन्होंने पुलिस में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके चलते कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। कविनगर एसएचओ अजय कुमार का कहना है कि कोर्ट के आदेश किशनराज के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।