गाजियाबाद। अलग-अलग सड़क हादसों में सीए सहित कई लोग घायल हो गए। साहिबाबाद निवासी हिमांशु अग्रवाल ने नंदग्राम में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया है कि उनके भाई शुद्धांश अग्रवाल सीए हैं। 21 मई की सुबह करीब सवा पांच बजे वह कार से हिंडन एलिवेटेड रोड रोटरी गोल चक्कर के पास जा रहे थे। सामने से गलत दिशा में तेज रफ्तार कार आई और उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के एयरबैग खुल गए और शुद्धांश के सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद आरोपी चालक ने एंबुलेंस बुलाई और अपने घायल बच्चे को अस्पताल ले गया। जबकि शुद्धांश को घायल अवस्था में छोड़कर भाग गया। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उधर, दिल्ली के बदरपुर निवासी इकबाल अनवर के मुताबिक 22 मई की दोपहर वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। दुहाई के पास पीछे से तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके दाएं हाथ में दो जगह फ्रैक्चर हो गया। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। तीसरा हादसा वेव सिटी क्षेत्र में लालकुआं के पास हुआ। हापुड़ के बाबूगढ़ स्थित मुगलपुर निवासी सचिन कुमार ने बताया कि उनका भाई विशाल बीती आठ मई की सुबह बाइक से गाजियाबाद आ रहा था। लाल कुआं के पास गलत दिशा में आई कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों का आरोप है कि कार चालक आकाश नशे में था। वह घायल को मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराने के बाद मौके से भाग गया।