मुरादनगर। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर रेवड़ी रेवड़ा गांव के पास सोमवार रात कार सवार चार बदमाशों ने चालक को बंधक बनाकर किराने के सामान से भरा ट्रक लूट लिया। गाजियाबाद थानाक्षेत्र अंकुर विहार में बदमाश ट्रक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस की टीम बदमाशों की तलाश में लगी है।
जनपद मिर्जापुर के छोटी सिहावल गांव निवासी महेश दुबे ट्रक चलाते हैं। सोमवार रात वह गाजियाबाद पटेलनगर से किराना का सामान ट्रक में लेकर बिलासपुर जा रहे थे। मुरादनगर में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर रेवड़ी रेवड़ा गांव के पास कार सवार चार बदमाशों ने ओवरटेक कर ट्रक को रूकवा लिया। बदमाशों ने चालक महेश दुबे को नीचे उतारा और हाथ पैर बांधकर सड़क किनारे फेंक दिया और ट्रक लूट कर फरार हो गए। किसी राहगीर ने महेश दुबे के हाथ-पैर खोलकर उन्हें बंधक मुक्त किया। इसके बाद उसने पुलिस कंट्रोल पर वारदात की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक की तलाश शुरू की। एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। बताया कि गाजियाबाद अंकुर विहार थानाक्षेत्र में बदमाशों द्वारा लूटा गया ट्रक बरामद हो गया है। वारदात का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।