गाजियाबाद। नगर कोतवाली के सराय नजर अली में रहने वाले सहदेव व उनके बेटे का सोमवार शाम को कार खड़ी करने को लेकर मोहल्ले के ही रहने वाले विशाल, विक्की, प्रकाश, सागर और विनय से विवाद हो गया। आरोप है कि चारों ने उनके बेटे के साथ गाली-गलौज कर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उनके व परिवार के कई लोगों को गंभीर चोट आई है। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में उन्होंने नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
सहदेव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रक्षाबंधन के दिन उनकी बेटी और दामाद आए थे। इसी दौरान गली में कार खड़ी करने का विशाल, विक्की, प्रकाश, सागर और विनय विरोध कर गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उन पर लाठी डंडों से हमला कर दिया और घर में घुसकर पीटा। डीसीपी नगर राजेश कुमार ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विशाल, विक्की, प्रकाश, सागर और विनय को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।