एमआईजी में टूटा बिजली का खंभा। संवाद
- फोटो : gbd
साहिबाबाद। सूर्या नगर स्थित ब्रिज विहार एमआईजी इलाके में शुक्रवार की सुबह करीब 5:30 बजे एक के बाद एक चार विद्युत पोल अचानक भरभराकर गिर गए। घटना के समय बड़ी संख्या में लोग सुबह की सैर पर निकले हुए थे। पोल गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागे। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई व्यक्ति पोल या बिजली के तारों की चपेट में नहीं आया। इस दौरान पोल गिरने से तीन कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के करीब दो घंटे बाद तक गिरे हुए पोल और तारों में करंट दौड़ता रहा, जिसे बंद कराने के लिए लोग अधिकारियों को लगातार फोन मिलाते रहे, लेकिन लाइन बिजी जाती रही। सुबह करीब साढ़े सात बजे बिजली आपूर्ति रोक दी गई, तब तक लोग अपनी और वहां से गुजरने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा में घटना स्थल पर ही खड़े रहे।
प्रत्यक्षदर्शी पूनम त्यागी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद लोग ऊर्जा निगम के अधिकारियों और संबंधित शिकायत केंद्र पर लगातार फोन करते रहे लेकिन करीब दो घंटे तक किसी अधिकारी की ओर से न तो फोन उठाया गया और न ही बिजली आपूर्ति बंद की गई। अधिकारियों की इस लापरवाही को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी है। उन्होंने बताया कि सुबह 7:30 से बिजली काटने के बाद से इलाके में दिन भर बिजली आपूर्ति बंद रही, शाम करीब छह बजे आपूर्ति बहाल हुई।
स्थानीय निवासी कार्तिकेय व अन्य का कहना है कि जिन विद्युत पोलों के गिरने से यह घटना हुई, उन्हें करीब दो वर्ष पहले ही ऊर्जा निगम की तरफ से लगाया गया था। इतने कम समय में पोलों का इस तरह गिर जाना, गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वहीं अजय त्यागी ने बताया कि तीनों कारें पीछे से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। पीछे के शीशे दोनों लाइटें सब टूट गए हैं और तीन लोगों को करीब दो लाख रुपये से अधिक का नुकसान हो गया है। लोगों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऊर्जा निगम को इस घटना से सबक लेते हुए पूरे क्षेत्र में लगे विद्युत पोलों का तकनीकी निरीक्षण कराना चाहिए, जिससे भविष्य में इस तरह की घटना न हो।
बृजेश कुमार, मुख्य अभियंता, ऊर्जा निगम बताया कि पास में पीपल के पेड़ की डाल टूटकर लाइन पर गिर गई। इस वजह से पोल गिरे हैं। सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंच गई थी। इसके बाद मरम्मत कार्य करके शाम करीब छह बजे तक आपूर्ति सामान्य करा दी गई थी।