गाजियाबाद। एआईएमआईएम के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष फरहान ने शनिवार को अपने साथियों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। डूंडाहेड़ा स्थित शिव मंदिर चौक पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में विश्वास जताया। इस दौरान सपा के प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग के नेतृत्व में निशुल्क मेडिकल कैंप भी लगाया गया। शिविर में सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराकर चिकित्सकीय परामर्श लिया।
शिविर का उद्घाटन स्थानीय बुजुर्ग हाजी कासिम और अभिषेक गर्ग ने किया। अभिषेक गर्ग ने कहा कि गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी उद्देश्य से विधानसभा क्षेत्र में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।
फरहान के सपा में शामिल होने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने पार्टी की नीतियों के अनुरूप काम करने और संगठन को मजबूत बनाने में योगदान देने की बात कही। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष शाहनवाज खान, डॉ. सलीम, मंजूर भाई, अर्श, पूर्व पार्षद प्रत्याशी किरन चौधरी, मुस्तफा खान, मुकेश त्यागी, आशा राम त्यागी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।