गाजियाबाद। अस्पताल में घुसकर धमकी देने की शिकायत करने के बाद कार्रवाई नहीं करने पर डॉ. बीपी त्यागी ने कलक्ट्रेट में पुलिस बुद्धि-शुद्धि हवन किया। डॉ. त्यागी का कहना है कि उनके अस्पताल में आकर धमकी देने के आरोपी जिला बदर सत्येंद्र त्यागी को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है जबकि घटना की जानकारी पिछले महीने दी थी। एक महीना बीत जाने के बाद भी पुलिस ने जिला बदर को गिरफ्तार नहीं किया।
शनिवार को सूचना कार्यालय के पास हवन कराने वाले पुजारी विनोद त्रिपाठी ने कार्रवाई नहीं करने का आरोप पुलिस पर लगाया। उन्होंने कहा कि उनके बेटे का दबंगों ने अपहरण कर पिटाई की लेकिन पुलिस ने कमजोर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस की लचर प्रणाली से नाराज होकर पुलिस की बुद्धि-शुद्धि के लिए यज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ में महाराणा प्रताप सेना की तरफ से प्रदेश अध्यक्ष प्रीतपाल सिंह महानगर अध्यक्ष तरुण रावत सहित अन्य उपस्थित थे।