लोनी। भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर के गनर का मामला एक बार फिर से तूल पकड़ता नजर आ रहा है। विधायक ने शुक्रवार देर रात पुलिस कमिश्नर पर उनकी सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सोशल साइट एक्स पर ट्वीट किया। साथ ही उन्होंने ट्वीट में यह भी लिखा कि वह घर पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को वापस कर रहे हैं। इसके कुछ देर बाद ही विधायक ने ट्वीट को डिलीट कर दिया। विधायक का कहना कि शासन स्तर से आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने ट्वीट हटाया है।
देर रात किए गए ट्वीट में विधायक ने लिखा था कि उन्हें देश एवं देश के बाहर से धमकी मिली और जानलेवा हमले तक हुए है। हत्या का षडयंत्र करते हुए अपराधी गिरफ्तार हुए हैं। इसके बावजूद पुलिस कमिश्नर द्वारा उन्हें अपमानित करने और स्वयं को सर्वोच्च दिखाने के लिए अनुशासनहीनता करते हुए मीडिया में बयान दिए है। उनकी सुरक्षा हटा दी गई। वह चार महीनों से बिना सुरक्षा के अपनी जान जोखिम में डालकर पार्टी का प्रचार करते रहे।
सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद दो सुरक्षाकर्मी खानापूर्ति के लिए यह कह कर भेजे गए कि साथ में कही नहीं जाना है, इनके घर ही रहना है। विधायक ने लिखा है कि घर बैठकर ड्यूटी करने के लिए दी गई सुरक्षा को वह जनपद की कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए वापिस कर रहे हैं। उनकी सुरक्षा लोनी की जनता और महादेव स्वयं कर रहे हैं। लोनी विधायक ने बताया कि शासन स्तर के अधिकारी ने फोन पर उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया है। इसके बाद उन्होंने अपनी पोस्ट हटा दी।