दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से टकराई कार। संवाद
मोदीनगर। भोजपुर क्षेत्र के गांव सैदपुर के समीप दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक बेकाबू कार ट्रक में घुस गई। हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और कार सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर जाम की स्थिति बन गई। क्षतिग्रस्त कार को क्रेन द्वारा सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया।
जनपद हापुड़ स्थित हुमायूं नगर निवासी मोईनुद्दीन अपने साथी फैसल और वसीम के साथ कार से मंगलवार सुबह करीब आठ बजे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से होते हुए मेरठ की तरफ जा रहे थे। मंगलवार सुबह कोहरा अधिक होने के कारण दृश्यता बहुत कम थी। जैसे ही वह एक्सप्रेसवे पर गांव सैदपुर के समीप पहुंचे तो वहां खड़े ट्रक में कार घुस गई। कार के परखच्चे उड़ गए। कार सवार मोईनुद्दीन, फैसल व वसीम घायल हो गए। कार्यवाहक एसीपी मोदीनगर ने बताया कि किसी भी पक्ष ने अभी घटना की तहरीर नहीं दी है।