गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर विजयनगर बाईपास के पास फुटओवर ब्रिज के निर्माण के बजट को एनएचएआई ने मंजूरी दे दी है। पुल के निर्माण पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके बनने से लोगों को हाईवे और एक्सप्रेसवे पार करने में आसानी होगी।
सड़क पार करने के चक्कर में लगातार हो रहे हादसों के मद्देनजर सदर विधायक संजीव शर्मा ने केंद्रीय सड़क व परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को एफओबी बनवाने के लिए पत्र लिखा था। विधायक ने बताया कि पिछले दिनों परिवहन मंत्रालय से जानकारी मिली है कि एफओबी के लिए बजट को मंजूरी मिल गई है।
कहा कि अगले महीने एफओबी का निर्माण कार्य शुरू होने की पूरी उम्मीद है। पुल बनने से पैदल यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। दुर्घटनाओं की आशंका समाप्त हो जाएगी।
पानी की लाइन के कारण रुक गया था काम
विधायक ने बताया कि तीन महीने पहले एफओबी के लिए सर्वे कराया गया था। बीच में पानी की लाइन आने से काम रुक गया और नए सिरे से सर्वे कराना पड़ा। एफओबी में एस्केलेटर की सुविधा के लिए भी मंत्रालय को पत्र लिखा गया है।
नहीं जाना होगा घूमकर, बचेगा समय
अभी पैदल यात्रियों को करीब एक किलोमीटर घूमकर जाना पड़ता है। अंडरपास की दूरी भी एक तरफ से करीब 500 मीटर है, जहां गाड़ियां यू-टर्न लेती हैं। एनएचएआई के परियोजना निदेशक अरविंद सिंह ने बताया कि बजट स्वीकृत हो गया है। पुल बनने से मवई, अकबरपुर बहरामपुर, राहुल विहार और विजयनगर के 50 हजार से अधिक लोगों को राहत मिलेगी।