गाजियाबाद। नगर निकाय चुनाव के दौरान अगर आपको नकद रकम लेकर आवागमन करना है तो उससे संबंधित दस्तावेज जरूर साथ ले लें। बिना दस्तावेज दो लाख से ज्यादा रकम लेकर चले तो उड़नदस्ता जब्त कर लेगा। चुनाव में रुपये या शराब का प्रलोभन देने वालों पर निगरानी के लिए प्रशासन ने 17 उड़नदस्ते गठित किए हैं। नगर निगम के पांचों जोन में एक-एक टीम, नगर पालिका क्षेत्र में दो-दो टीम और नगर पंचायत क्षेत्र में एक-एक टीम तैनात कर दी गई हैं। सूचना मिलने पर यह टीमें तत्काल मौके पर पहुंच कार्रवाई करेंगी। रुपया जब्त किए जाने की स्थिति में यह टीम वीडियोग्राफी भी कराएगी।
एडीएम प्रशासन बिपिन कुमार का कहना है कि इन टीमों में मजिस्ट्रेट के अलावा पुलिस चार सशस्त्र पुलिसकर्मी और एक वीडियोग्राफर तैनात रहेगा। सूचना पर यह टीमें तत्काल मौके पर पहुंचेगी और नकदी को ले जाने वाले से पूछताछ करेगी। अगर दस्तावेज दिखाकर नकदी का हिसाब नहीं दे पाए तो यह एफएसटी उसे जब्त कर लेगी। जब्तीकरण की इस कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई जाएगी, ताकि पारदर्शिता रहे। यह टीमें प्रत्येक कार्रवाई की सूचना मुख्य विकास अधिकारी को देंगी। इसके बाद इस रकम को सरकारी कस्टडी में जमा करा दिया जाएगा। एडीएम प्रशासन ने बताया कि नकदी को लाने-ले जाने वाला व्यक्ति बाद में भी इससे संबंधित दस्तावेज दिखा देंगे तो निर्धारित प्रक्रिया को पूरा कर रकम को लौटा दिया जाएगा।
वीडियो और ऑडियो के लिए लेनी होगी अनुमति
एडीएम प्रशासन बिपिन कुमार का कहना है कि जिले में एक एमएसीएमसी (मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनीटरिंग कमेटी) बनाई गई है। यह कमेटी प्रत्याशियों की ओर से प्रसारित की जाने वाली वीडियो, ऑडियो या अन्य माध्यम से किए गए प्रचार के कंटेंट की निगरानी रखेगी। प्रत्याशियों को इन वीडियो या ऑडियो को इस टीम को दिखाना होगा। यहां से स्वीकृति मिलने पर ही उन्हें प्रसारित किया जा सकेगा। यह टीम सोशल मीडिया पर किए जाने वाले प्रचार की सामग्री भी निगरानी करेगी। छह स्टेटिक सर्विलांस टीम बनाई गई हैं। प्रत्येक टीम में एक मजिस्ट्रेट और चार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। यह टीमें भी राजनीतिक पार्टी, अभ्यर्थी उनके एजेंट या कार्यकर्ताओं की ओर से मतदाताओं को प्रभावित करने के मकसद से नकदी वितरित करने या उपहार बांटने पर निगरानी रखेगी। किसी भी सूचना मिलने पर यह टीमें अपने-अपने क्षेत्र में तत्काल मौके पर पहुंचेंगी।