गाजियाबाद। संचारी रोगों और एचआईवी-एड्स के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को दो रैलियां निकालीं लेकिन दोनों का दायरा संयुक्त अस्पताल से एएलटी मोड़ तक ही सिमट कर रह गया। रैली अस्पताल गेट की परिक्रमा बनकर रह गई। झंडी दिखाने और फोटो खिंचाने तक सीमित रहे इस अभियान को लेकर विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी सवाल उठाते नजर आए। उनका कहना था कि यदि रैली को बाजारों और मोहल्लों तक ले जाया जाता तो संदेश ज्यादा लोगों तक पहुंचता।
सुबह करीब 10 बजे संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन चंद्र वैश्य ने रैली को हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ. अनिल कुमार यादव के आह्वान पर एचआईवी-एड्स जागरूकता के लिए दूसरी रैली भी सीएमओ ने ही रवाना की। दोनों रैलियां संयुक्त अस्पताल से शुरू होकर एएलटी मोड़ तक गईं और वापस अस्पताल में समाप्त हो गईं।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि संचारी रोग रैली में नगर निगम की करीब 100 छोटी-बड़ी फॉगिंग मशीन, 10 स्प्रिंकलर और पांच पावर स्प्रेयर मशीनों ने भाग लिया। मौके पर सीडीओ कुमार सौरभ ने प्रतिभागियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस दौरान जिला मलेरिया अधिकारी ज्ञानेंद्र मिश्रा, एपिडिमोलॉजिस्ट डॉ. शिवी अग्रवाल और अपर जिला मलेरिया अधिकारी नरेंद्र कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
दूसरी रैली में जिला कार्यक्रम समन्वयक राघवेंद्र सिंह चौहान और निधि त्रिखा के नेतृत्व में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। दोनों अभियानों का उद्देश्य लोगों को बीमारियों से बचाव और जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था लेकिन सीमित मार्ग के कारण अभियान औपचारिकता बनकर रह गया। सवाल है कि आने वाले अभियानों में रूट को भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों तक बढ़ाया जाएगा या नहीं।