गाजियाबाद/मसूरी। विजयनगर, कविनगर और मसूरी क्षेत्र में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में रविवार को पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि, एक महिला गंभीर रूप से घायल हैं। उनका अस्पताल में उपचार रहा है। तीनों मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एडीसीपी यातायात पीयूष सिंह ने बताया कि विजयनगर क्षेत्र में एनएच-9 पर जल निगम टी पाॅइंट के पास करीब 10 बजे निजी बस ने स्कूटी सवार सुनील (57) निवासी राजीव कॉलोनी, खोड़ा व आजाद (42) निवासी कोंडली, दिल्ली को कुचल दिया। स्कूटी बस के नीचे घुस गई। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को अस्पताल ले गई, जहां डाॅक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। दोनों दिल्ली नगर निगम में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। परिजनों ने बताया कि दोनों दादरी में एक तेरहवीं में शामिल होने के लिए जा रहे थे। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है।
वहीं, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर मसूरी थाना क्षेत्र में नाहल के पास रविवार सवेरे करीब सात बजे सड़क किनारे खड़े दो कैंटर चालकों को मेरठ की ओर से आ रही रहे कंटेनर ने रौंद दिया। एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि मेरठ के लावड़ निवासी सुनील कुमार (39) व मेरठ के किठौर स्थित छुछाई गैसूपुर निवासी सचिन (29) मेरठ से कैंटर में ई-रिक्शा लेकर जा रहे थे। सुनील को ई-रिक्शा लेकर डीलर के यहां अमृतसर जाना था और सचिन को कानपुर जाना था। मसूरी क्षेत्र में नाहल के पास सड़क किनारे कैंटर को खड़ा करके वह पहिये में हवा चेक कर रहे थे। तभी मेरठ की तरफ से आए कंटेनर ने उनको कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी कैंटर चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
एक अन्य घटना में कविनगर क्षेत्र के महरौली में शनिवार शाम को तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी सवार दंपती को टक्कर मार दी। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि स्कूटी सवार दलबीर (45) ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। जबकि, उनकी पत्नी अमिता घायल हो गईं। दलबीर अमिता को दवा दिलवाकर नोएडा से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। मामले में दलबीर के साले ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।