ककोड़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि वह बालिग है। वह बीते काफी वक्त से ककोड़ के गांव शेरपुर के अनुसूचित जाति के युवक के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही है। वर्तमान में वह पांच माह की गर्भवती है। पीड़िता का कहना है कि वह सामान्य वर्ग से है, जबकि उसके साथ रहने वाला युवक अनुसूचित वर्ग से है। पीड़िता के परिजन इस रिश्ते से खुश नहीं हैं।
परिजन पीड़िता व उसके साथ लिव इन में रहने वाले युवक की हत्या करना चाहते हैं। उसके दादा द्वारा एक फर्जी मुकदमा भी थाना ककोड़ पर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने के संबंध में दर्ज कराया है। पीड़िता ने बताया कि उसके परिवार वाले अब किसी भी तरह उसके लिव इन पार्टनर को फर्जी मुकदमें में जेल भिजवाना चाह रहे हैं। जिसके बाद आरोपी पीड़िता को भी अपने साथ ले जाएंगे और हत्या कर देंगे। पीड़िता ने मामले में जानमाल की सुरक्षा और अपने कागजात दिलाए जाने की मांग की है। एसएसपी ने थाना पुलिस को मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।