गाजियाबाद। शेयर ट्रेडिंग, टेलीग्राम टॉस्क और डिजिटल अरेस्ट की ठगी पर आमजन जागरूक हो गए तो साइबर ठगों ने गैस की किल्लत और बिजली के स्मार्ट मीटर को अपना हथियार बना लिया है। ठगों ने कविनगर क्षेत्र की रहने वाली महिला को बिजली के स्मार्ट मीटर बिल अपडेट करने का झांसा देकर पांच लाख रुपये खाते से साफ कर दिए। उधर, राजनगर में रहने वाले बुजुर्ग को आईजीएल नाम की एपीके फाइल भेजकर सवा पांच लाख रुपये खाते से साफ कर दिए।
एडीसीपी अपराध पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित अंकिशा जैन के मुताबिक उनके मोबाइल पर बिजली का स्मार्ट मीटर का बैलेंस खत्म होने की चेतावनी भरा मैसेज आया। साथ ही ठग ने एक लिंक भेजा, जिसमें अपडेट बिल की जानकारी लेने के लिए कहा। लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खातों से पांच लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। उधर, साइबर ठगों ने राजनगर के रहने वाले रविंद्र पाल सिंह ने शिकायत देकर बताया है कि 29 मार्च की सुबह करीब साढ़े चार बजे उनके मोबाइल नंबर पर आईजीएल आईकान व्हाट्सएप के साथ एक मैसेज आया। मैसेज में खुद को आईजीएल से जुड़ा बताकर लिखा गया था कि आपका पिछले माह की मीटर रीडिंग व बिल अपडेट नहीं है, जिससे आप परेशानी में आ सकते हो और आपका कनेक्शन आज ही डिस्कनेक्ट कर दिया जाएगा। साथ ही एपीके फाइल भेजकर डाउनलोड करवा दी। इससे उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। उसके खाते से साइबर ठगों ने 5,28,300 रुपये ट्रांसफर कर लिए। एडीसीपी ने बताया कि दोनों पीड़ितों की तहरीर पर साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
......