कौशांबी। एलिवेटेड रोड पर शनिवार रात करीब 11 बजे चलती गाड़ी में शराब पार्टी कर जन्मदिन का जश्न मनाते पांच लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। इनमें तीन युवक और दो युवतियां थीं। तलाशी के बाद पीआरवी के पुलिसकर्मियों ने पांचों को कौशांबी थाना पुलिस को सौंप दिया।
पीआरवी के पुलिसकर्मी रात में एलिवेटेड रोड पर गश्त कर रहे थे। कौशांबी थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों ने सफेद रंग की गाड़ी में तीन युवक और दो युवतियों को शराब पीकर जन्मदिन का जश्न मनाने पर रोक लिया। तलाशी लेने पर पुलिस को गाड़ी में गिलास में शराब मिली। पुलिसकर्मी ने युवकाें से नाम और पता पूछा तो वे बहस करने लगे। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने पांचों को पकड़कर कौशांबी थाने भेज दिया। पुलिस ने बताया कि कार सवार युवक जन्मदिन मनाने के लिए राजनगर एक्सटेंशन से गुरुग्राम जा रहे थे। एलिवेटेड रोड के रास्ते में शराब पीने के दौरान पकड़ लिया। पूछताछ में इनकी पहचान आशीष, संस्कार और शिवम निवासी राजनगर के रूप में हुई है। एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि तीनों युवक और दो युवतियों पर चालान की कार्रवाई की है।