एनएच-24 पर मंगलवार सुबह ट्रक में ले जाई जा रही सैकड़ों मछलियां सड़क पर गिर गईं। इससे राहगीरों में कुछ देर के लिए खलबली मच गई। वह मछलियां उठाकर भाग खड़े हुए। करीब 15 मिनट तक हाईवे पर जाम लगा रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक हापुड़ से नोएडा की ओर जा रहा था। बहरामपुर के पास ट्रक का डाला खुल जाने से मछलियां हाईवे पर गिरने लगीं। लोगों ने इसकी सूचना ट्रक चालक को दी। ट्रक परिचालक ने डाला बंद कर मछलियों का गिरना रोका।
इस दौरान सड़क पर गिरी मछलियों को उठाने के लिए लोगों में होड़ मच गई, जिससे जाम लग गया। इन मछलियां में कुछ प्रतिबंधित प्रजाति मांगुर मछली भी बताई जा रही हैं। इस संबंध में एसओ विजयनगर सुरेंद्र यादव ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ट्रक लेकर चालक भाग गया था।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। दूसरी तरफ, असिस्टेंट डायरेक्टर मत्स्य विभाग एके गौतम का कहना है कि उन्हें इसकी सूचना नहीं है। मांगुर मछली प्रतिबंधित है, इसकी कहां सप्लाई की जा रही थी, पुलिस की मदद से इसकी जांच की जाएगी।