साहिबाबाद। टीलामोड़ क्षेत्र में जाफराबाद के गनौली निवासी जगविंद्र की कार में पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार के चालक ने टक्कर मार दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तब कार सवार दो युवकों ने उनसे मारपीट शुरू कर दी। साथ ही उनकी कार को तोड़कर भाग निकले। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जगविंद्र ने बताया कि वह दो फरवरी की देर रात करीब 11 बजे टीला मोड़ से घर लौट रहे थे। रास्ते में पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कार चालक ने उनकी कार में टक्कर मार दी। उन्होंने कार से उतरकर ठीक से चलने को कहा तो इसमें सवार दो लोग बाहर आए और उनसे मारपीट करने लगे। विरोध पर सरिया से उन्हें बुरी तरह पीटा और कार में भी तोड़फोड़ की। एसीपी शालीमार गार्डन सलोनी अग्रवाल ने बताया कि शिकायत मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।