मोदीनगर। रोडरेज में हुई फायरिंग व मारपीट के मामले में प्रधानपति समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शकूरपुर गांव निवासी सचिन कुमार सोमवार रात बाइक लेकर जा रहे थे। बीच रास्ते में पहुंचे तो प्रधानपति से बाइक हटाने को लेकर विवाद हो गया। मामला गाली-गलौज से मारपीट तक पहुंच गया। दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडें व पत्थर चले। बताया गया कि संघर्ष में कई राउंड फायरिंग भी हुई।
बताया गया है कि हमलावरों से बचने के लिए करीब तीन किमी तक सचिन दौड़ा। हमलावरों ने सचिन को पकडक़र उसकी बेरहमी से पिटाई की। तमंचे से फायरिंग भी की। हाथ में गोली लगने से सचिन की हथेली के चीथड़े उड़ गए। परिजनों ने घायल को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करा वारदात की सूचना भोजपुर थाने में दी। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय का कहना है कि मामले में प्रधानपति महेश चौधरी, नवीन, संजीव समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
रोडवेज अड्डे से टोंटी चोरी कर ले गए चोर
मोदीनगर। दिल्ली मेरठ मार्ग पर रोडवेज अड्डे से चोर शौचालय से टोंटी व वॉश वेशन चोरी कर ले गए। मोदीनगर थाने में वारदात की तहरीर दी गई है। रोडवेज स्टेशन प्रभारी पवन कुमार ने तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद