साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थानाक्षेत्र के अशोक वाटिका गरिमा गार्डन निवासी सचिन से मारपीट करते हुए हवाई फायरिंग कर जान से मारने की धमकी दी। मामला पांच अप्रैल की रात का है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद मुख्यारोपी महाराणा प्रताप वाटिका निवासी शरद उर्फ लालू को गिरफ्तार किया है। सचिन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार रात करीब 9ः30 बजे वह दयानंद पार्क गए थे। वहां शरद उर्फ लालू और उसके दो दोस्त मिले। आरोप है कि उनके साथ आरोपियों ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध पर तीनों ने उन्हें पीटा और तमंचे से हवाई फायर कर जान से मारने की धमकी दी। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही अन्य आरोपी भी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।