फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: आपदा से निपटने के लिए मजबूत होगी दमकल, 20 एसआरजी जवानों की विशेष टुकड़ी तैनात होगी

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। जिले में आग व अन्य आपदाओं से निपटने के लिए दमकल विभाग अपनी तैयारियों को और मजबूत कर रहा है। इसके तहत विशेष बचाव दल (एसआरजी) की एक टुकड़ी तैनात की जाएगी। साथ ही नए संसाधनों की खरीद और भर्ती/प्रशिक्षण प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। आपदा की स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एसआरजी का गठन किया जा रहा है। इसके लिए दमकल विभाग के जवानों को ही प्रशिक्षित किया जा रहा है।
विज्ञापन

सीएफओ राहुल पाल के अनुसार, इस टीम का मुख्य कार्य आग, भूकंप और अन्य आपात स्थितियों में रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम देना होगा। शुरुआती चरण में 20 से 24 जवानों की तैनाती की जाएगी। इसके लिए लखनऊ में करीब 240 जवानों की प्रशिक्षण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अगले दो महीने में यह टुकड़ी जिले को मिल जाएगी।

हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म के लिए बिडिंग शुरू, आने में लगेगा एक वर्ष
शहर में ऊंची इमारतों में आग की घटनाओं से निपटने के लिए दो हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म खरीदे जाने हैं। इसके लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने स्वीकृत 100 करोड़ रुपये में से 10 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। सूत्रों के अनुसार प्लेटफॉर्म की खरीद के लिए बिडिंग प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 100 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले प्लेटफॉर्म विदेशों से मंगाए जाते हैं। ऐसे में बिडिंग प्रक्रिया पूरी होने और कंपनी के चयन के बाद भी इन प्लेटफॉर्मों के आने में करीब एक वर्ष लग सकता है।
विज्ञापन


पांच नए फायर टेंडर की मांग
दमकल विभाग ने संसाधन बढ़ाने के लिए 2500 लीटर क्षमता वाले पांच नए फायर टेंडरों की मांग शासन को भेजी है। ये टेंडर कोतवाली, साहिबाबाद, वैशाली और मोदीनगर फायर स्टेशनों के लिए प्रस्तावित हैं।इसके अलावा सिहानी गेट में प्रस्तावित नए फायर स्टेशन के लिए भी एक अतिरिक्त टेंडर की आवश्यकता बताई गई है। वर्तमान में जिले में कुल 22 फायर टेंडर उपलब्ध हैं। सीएफओ ने बताया कि इन टेंडरों के मिलने के बाद दमकल की टीम तेजी से मौके पर पहुंच सकेगी।

इस साल अब तक 800 से ज्यादा आग की घटनाएं
आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष मई तक गाजियाबाद में 800 से अधिक आग की घटनाएं दर्ज की गई हैं। इनमें तीन लोगों की मौत हुई है। गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी की आग के बाद व्यवस्था सुधार की दिशा में कई कदम उठाए गए हैं। वर्ष 2025 में आग की 1437 घटनाएं हुई थीं, जिनमें छह लोगों की जान गई थी। वर्ष 2024 में आग की घटनाएं 1607, जबकि मरने वालों की संख्या 17 थी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें