साहिबाबाद। इंदिरापुरम के आदित्य मेगा सिटी सोसायटी में स्थित एक फ्लैट के किचन में मंगलवार रात को अचानक आग लग गई। पड़ोस के टावर से एक व्यक्ति ने आग लगी देखकर पीड़ित को सूचना दी। सूचना के बाद सोसायटी में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम से आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग पर काबू पाया गया वरना बड़ा हादसा हो जाता। आदित्य मेगा सिटी सोसायटी के एल टावर में दसवीं फ्लोर पर 1003 में अभिनव परिवार के साथ रहते हैं। जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात को अभिनव गैस पर घी बनने के लिए छोड़कर सोसायटी में नीचे घूमने चले गए गए। पड़ोस वाले टावर में एक व्यक्ति ने अपने फ्लैट से अभिनव के फ्लैट के किचन में आग लगी देख उन्हें सूचना दी। लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी और सुरक्षा गार्ड की मदद से सोसायटी में रखे फायर फाइटिंग सिस्टम की मदद से आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। सीएफओ गाजियाबाद सुनील कुमार सिंह ने बताया कि वह 3 गाड़ियों और हाइड्रोलिक प्लेटफार्म को लेकर सोसायटी में पहुंचे। उससे पहले ही लोगों ने सोसायटी में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम से आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। आग केवल किचन में लगी थी इसे कोई हताहत नहीं हुआ।