गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक की पंचशील स्थित वेलिंगटन सोसायटी की नौवीं मंजिल की बालकनी में बने पूजा घर में रखे दीपक की वजह से शुक्रवार सवेरे आग लग गई। फ्लैट के अंदर पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया। इसमें कोई जनहानि नहीं हुई है। सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि सुबह साढ़े सात बजे के आसपास सूचना मिली कि पंचशील की वेलिंगटन सोसायटी की नौवीं मंजिल पर आग लगी है। मौके पर दमकल की टीम पहुंची तो देखा कि हिमांशु सहगल के फ्लैट नंबर-960 ए की बालकनी में आग लगी थी। शुरू में आग की लपटें देख सोसायटी के लोग घबरा गए। अफरा तफरी जैसा माहौल पैदा हो गया। सोसायटी के लोगों ने भी सुरक्षाकर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। टीम ने आग पर समय रहते काबू पाया। इसमें कोई जनहानि नहीं हुई है। बालकनी में रखा सामान जल गया था। जांच में सामने आया कि बालकनी में हिमांशु ने पूजा घर बनाया था, वहां रखे दीपक से आग लग गई है। इसके अलावा ओमेगा-3 फार्मेसी ग्राउंड फ्लोर में भी आग लग गई थी। मकान मालिक राजेश सिंह ने इसकी सूचना दी थी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आसपास के लोगों को भी वहां से दूर किया गया। मकान मालिक का इसमें काफी नुकसान हुआ है। कोई जनहानि इसमें भी नहीं हुई है।
-