मोदीनगर। नगर के सिखैड़ा मार्ग पर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ई-कचरा रीसाइक्लिंग फैक्टरी में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग से हुए नुकसान का आकलन नहीं हो सका। प्रथम दृष्टया आग का कारण शाॅर्टसर्किट माना जा रहा है।
मोदीनगर निवासी नितिन सिंहल की सिखैड़ा मार्ग स्थित औद्योगिक क्षेत्र में सर्कुलेटेड सोल्यूशन प्रा. लिमिटेड के नाम से ई-कचरा रीसाइक्लिंग की फैक्टरी है। यहां तमाम इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को तोड़कर पार्ट्स निकाले जाते हैं। बताया गया कि बुधवार सुबह फैक्टरी में आग लग गई। आग से औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना के बाद पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर पहुंचने के लिए रास्ता संकरा होने के कारण दमकलकर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जेसीबी से फैक्टरी की दीवार तोड़कर रास्ता बनाया गया। दमकल की तीन गाड़ियों ने छह घंटे में आग पर काबू पाया। एफएसओ अमित चौधरी ने बताया कि दमकलकर्मियों ने आग को काबू कर लिया है। आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आग के कारण कोई जनहानि नहीं हुई। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।