फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: बनाना ट्री होटल की पांचवीं मंजिल पर लगी आग, 18 लोग बाल-बाल बचे

विज्ञापन
विज्ञापन
साहिबाबाद । साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र स्थित बनाना ट्री व सिवोरा होटल में मंगलवार दोपहर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। होटल के पांचवें तल पर बने मंगलम बैंक्वेट हॉल के पिछले हिस्से में रेनोवेशन का काम चल रहा था। तभी पास के किचन में हुई शॉर्ट सर्किट से पूरे तल में आग फैल गई, जो बाद में छठी और सातवीं मंजिल तक पहुंची। छठी मंजिल पर मौजूद 12 कमरों में 18 लोग मौजूद थे, जिसमें कई कपल शामिल थे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस व अग्निशमन विभाग की टीमों ने कमरों में धुएं और आग के बीच फंसे करीब 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और नौ फायर टेंडरों समेत 11 दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंची, जिन्होंने करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया।
विज्ञापन

अग्निशमन विभाग के अनुसार, मंगलवार को दोपहर 1:29 बजे अग्निशमन केंद्र वैशाली के कंट्रोल रूम को बनाना ट्री होटल में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद वैशाली से दो फायर टेंडर मौके पर रवाना किए गए। साथ ही साहिबाबाद अग्निशमन केंद्र से भी दमकल विभाग की गाड़ियां भेजी गईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि होटल के पिछले हिस्से में पांचवीं मंजिल पर आग लगी थी। यहां रेनोवेशन का काम चल रहा था। आग तेजी से फैलकर ऊपरी मंजिलों की ओर बढ़ रही थी। अग्निशमन कर्मियों ने होटल में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम से होज लाइन बिछाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसके साथ ही दमकल विभाग की गाड़ियों से सीढ़ियों के रास्ते ऊपरी मंजिलों तक पाइप पहुंचाकर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। आग की गंभीरता को देखते हुए वैशाली, कोतवाली, साहिबाबाद और नोएडा से अग्निशमन केंद्रों से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां भी बुलाई गईं।

12 कमरों में फंसे थे 18 लोग
सीएफओ ने बताया कि होटल की कई मंजिलों पर धुआं भर जाने के कारण राहत व बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं। टीमों का गठन कर एक तरफ आग बुझाने और दूसरी तरफ लोगों को सुरक्षित निकालने का अभियान चलाया गया। अग्निशमन कर्मियों ने होटल के 12 कमरों में फंसे करीब 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसमें तीन कपल भी थे, जो हिंडन एयरपोर्ट पर कार्य करते हैं। वहीं, दूसरी टीम ने आग को तीन तरफ से घेरकर बुझाने का प्रयास किया, जिससे आग होटल के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दी गई।
विज्ञापन


कांच की खिड़कियां तोड़कर निकाला धुआं
आग बुझाने के दौरान पूरे होटल में धुआं भरने से दमकलकर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। धुएं को बाहर निकालने के लिए एग्जॉस्ट फैन का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा होटल के कमरों की कांच की खिड़कियां तोड़कर धुएं की निकासी सुनिश्चित की गई। अग्निशमन विभाग की टीमों ने साहस और तत्परता से राहत और बचाव कार्य जारी रखा। एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और नौ फायर टेंडरों की मदद से आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। अग्निशमन विभाग के मुताबिक, इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

नीचे तल तक पहुंचती आग तो हो सकता था बड़ा हादसा
होटल के ग्राउंड फ्लोर पर ऑफिस व बैंक्वेट हॉल है। इसके अलावा पहले व दूसरे फ्लोर पर केवल बैंक्वेट हॉल हैं। जबकि तीसरे और चौथे पर अलग-अलग कंपनियों के व्यावसायिक कार्यालय हैं। इन दोनों फ्लोर पर करीब 200 लोग रोजाना काम करते हैं। मंगलवार को भी लोग काम पर आए थे, जो आग का धुआं देखकर सीढि़यों से नीचे उतरकर आए। वहीं, पांचवें पर आग लगी जो बाद में छठी और सातवीं मंजिल तक पहुंची। सातवीं और आठवीं मंजिल बंद होने के कारण वहां कोई अधिक नुकसान नहीं हुआ, लेकिन बालकनी से आग छत पर लगी प्लास्टिक की सेड तक पहुंच गई, जिससे वहां आग लग गई।
-
होटल के फायर सिस्टम पर उठे सवाल
आग बुझाने के दौरान होटल के फायर सिस्टम को लेकर भी सवाल खड़े हुए। बताया गया कि होटल का फायर सिस्टम सही तरीके से काम नहीं कर पाया। ऐसे में दमकलकर्मियों को छठी मंजिल तक पानी पहुंचाने के लिए पाइप का सहारा लेना पड़ा। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हादसे के बाद होटल की सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन उपकरणों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

दूर तक दिखाई दीं आग की लपटें, वीडियो वायरल
होटल में आग लगने के बाद उठती लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना के वीडियो बनाए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। आग की भयावहता देखकर आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें