लोनी। बॉर्डर थाना क्षेत्र के सेवा धाम कॉलोनी स्थित धूप व अगरबत्ती की फैक्टरी में शुक्रवार तड़के आग लग गई। आग लगने पर आसपास के लोगों ने फैक्टरी मालिक और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने पानी के तीन टैंकरों से आग पर काबू पाया। सेवा धाम कृष्णा विहार फेज-2 में अमित शर्मा की धूप व अगरबत्ती की फैक्टरी हैं। तड़के करीब साढ़े 3 बजे फैक्टरी से धुआं निकलने लगा फिर फैक्टरी से आग की लपटें निकलने लगीं। सूचना पाकर लोनी स्टेशन से पानी के टैंकर लेकर दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। फैक्टरी करीब 100 वर्ग मीटर में फैली है, जो दो मंजिला बनी हुई हैं। आग दोनों मंजिलों तक पहुंच चुकी थी। करीब 5 बजे फैक्टरी में लगी आग को बुझाया गया। सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि इस फैक्टरी में मानकों के अनुसार अग्निशमन की कोई व्यवस्था स्थापित नहीं थी। आग लगने पर लाखों का सामान जलकर राख हो गया है। आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।