शालीमार गार्डन स्थित बिल्डिंग के टॉप फ्लोर पर लगी आग। स्रोत: वीडियोग्रैब
साहिबाबाद। शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-एक गुरुद्वारा रोड स्थित चार मंजिला अपार्टमेंट के दो फ्लैटों में सोमवार रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग में चौथी मंजिल पर 12 लोग छत पर फंस गए। अग्निशमन विभाग की टीम ने न सिर्फ छत पर फंसे 12 लोगों को निकालकर बचाया। बल्कि एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान धुआं फैलने से लोगों को सांस लेने में भी काफी परेशानी हुई। आग फ्लैट में शार्ट सर्किट से लगने की बात सामने आ रही है। निवासियों का आरोप है कि दमकल टीम करीब आधा घंटे देरी से पहुंची। हालांकि दमकल अधिकारियों का कहना है कि सूचना के तत्काल बाद टीम मौके पर पहुंची और लोगों को बचाया।
पुलिस ने बताया कि इमारत के तीसरी मंजिल स्थित एक फ्लैट में शार्ट सर्किट से आग लगने के बाद चौथी मंजिल के फ्लैट तक पहुंची। आग की सूचना पाक मौके पर पहुंची पुलिस और अग्निशमन विभाग ने 12 लोगों को रेस्क्यू कर सकुशल बाहर निकाला। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। एसएफओ राहुल पाल ने बताया कि फायर स्टेशन साहिबाबाद को 7:29 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। दस मिनट में दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई थी। सेवानिवृत्त शिक्षक रामनरेश पटेल के फ्लैट में आग लगी थी। आग शॉर्ट सर्किट के चलते लगी और घर में तेजी से फैल गई। परिवार के सभी सदस्य आग लगने पर बाहर निकल गए और दमकल को सूचना दी। आग तेजी से फैलती चली गई और चौथे फ्लोर पर रहने वाले रविशंकर के फ्लैट तक पहुंच गई। आसपास के स्टेशनों से भी पानी के टैंकर बुलाए गए। उन्होंने बताया कि लगभग एक घंटे में आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
धुआं निकलने पर दी सूचना, आग विकराल होने पर पहुंची दमकल टीम
शालीमार गार्डन एक्सटेंशन एक के व्यापार मंडल से जुड़े केशव सक्सेना ने बताया कि लगभग सात बजे अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर बने फ्लैट से धुआं निकलता देखा गया। उसी दौरान सूचना दे दी गई, लेकिन कुछ ही देर में आग तेजी से फैली और चौथी मंजिल के फ्लैट को भी चपेट में ले लिया। स्थानीय निवासी बीके सिंह गोस्वामी का कहना है कि आग की सूचना पर दमकल की टीम करीब पौने घंटे देरी से पहुंची। इस वजह से आग चौथी मंजिल के फ्लैट तक पहुंच गई। यदि दमकल टीम समय से पहुंच जाती तो इतना नुकसान नहीं होता।
बड़ा हो सकता था हादसा
इमारत की तीसरी मंजिल के फ्लैट में आग लगी, उसी पीछे एक फ्लैट में शादी की सालगिरह की पार्टी चल रही थी। कार्यक्रम में परिवार और रिश्तेदार के करीब 30 लोग शामिल थे। स्थानीय निवासियों ने बताया कि आग की लपटें ऊपर की ओर सीधी गई। धुआं और आग की लपटें देख लोग तुरंत सीढि़यों से नीचे उतर आए। चौथी मंजिल के लोग नीचे आने की बजाय इमारत की छत पर पहुंच गए। उन्हें दमकल टीम ने सुरक्षित नीचे निकाला गया।
10 मिनट की दूरी और पहुंचने में लगा पौना घंटा
शालीमार गार्डन में जिस जगह आग लगी उससे महज 10 मिनट की दूरी पर ही अग्निशमन विभाग साहिबाबाद कार्यालय है। मेजर मोहित शर्मा मार्ग से शालीमार गार्डन तक की दूरी मुश्किल से पांच किमी है। लोगों का आरोप है कि इतनी कम दूरी और समय से सूचना के बावजूद दमकल टीम देरी से पहुंची। इस वजह से आग अधिक फैली। स्थानीय निवासी अवनीश ठाकुर ने बताया कि दमकल की टीम यदि समय से पहुंचती तो नुकसान होने से बचाया जा सकता था।
शालीमार गार्डन स्थित बिल्डिंग के टॉप फ्लोर पर लगी आग। स्रोत: वीडियोग्रैब
शालीमार गार्डन स्थित बिल्डिंग के टॉप फ्लोर पर लगी आग। स्रोत: वीडियोग्रैब