लोनी। रूप नगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित कपड़े की फैक्टरी में अचानक आग लगने से लाखों का सामान जल गया। सूचना पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। आग लगने के सही कारण का पता लगाया जा रहा है। लालबाग कॉलोनी में रहने वाले सुबोध कुमार की रूप नगर औद्योगिक क्षेत्र में कपड़े की फैक्टरी है। उन्होंने बताया कि फैक्टरी के परिसर में मौजूद कार्यालय में देर रात आग लग गई। पड़ोसियों ने मामले की सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कार्यालय में लगे कांच का दरवाजा तोड़कर एक गाड़ी की सहायता से आग पर काबू पाया। दमकल उपनिरीक्षक गौरव कुमार ने बताया कि आग से कार्यालय में रखा फर्नीचर, कंप्यूटर, इनवर्टर आदि जल गए। फैक्टरी मालिक ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।