- सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में आरोपी दे रहा था धमकी - सांसद ने उक्त वीडियो व तहरीर एसएसपी को भेजकर की थी कार्रवाई की मांग बुलंदशहर। सोशल मीडिया पर एक युवक का वीडियो बीते दिनों जमकर वायरल हो रहा था। जिसमें वह सत्ता व सत्ताधारी दल पर तीखी टिप्पणी करता हुआ नजर आया था। साथ ही आरोपी पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह को भी हत्या की धमकी देता नजर आ रहा था। इस मामले में सांसद ने कार्रवाई की मांग की थी। जिस पर अब नगर कोतवाली में अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। गौरतलब है कि बीते दिनों सांसद डा. भोला सिंह ने एसएसपी को एक पत्र व वीडियो भेजा था। जिसमें उन्होंने बताया था कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें एक युवक सरकार व नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करता नजर आ रहा है। साथ ही वीडियो के माध्यम से लोगों को उकसा रहा है। वीडियो में आरोपी युवक उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के पूर्व राज्यपाल रह चुके कल्याण सिंह को भी धमकी देता हुआ नजर आ रहा है। वहीं, अब एसएसपी के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। नगर कोतवाल अरुणा राय ने बताया कि आरोपी की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा।