इंदिरापुरम। इंदिरापुरम थाने में ग्रेनाइट हिल प्रॉपर्टीज प्राइवेट लिमिटेड और बुलमैन रियल्टी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के चार अधिकारियों के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि नोएडा के सिक्का मॉल में तीन दुकानें 1.16 करोड़ रुपय में बुक थीं।
उन्होंने 59,66,528 रुपये का भुगतान किया और उसमें 20 लाख नकद दिए गए। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज करके अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।
अभयखंड निवासी गजेंद्र सिंह और उमा सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने 59,66,528 रुपये का भुगतान किया था। इसमें 20 लाख रुपये नकद दिए थे। यह भुगतान बुलमैन रियल्टी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के उपाध्यक्ष अंबुज शुक्ला और प्रबंधक श्वेता मिश्रा ने प्राप्त किया।
बिल्डर इस राशि को अब स्वीकार नहीं कर रहे हैं। बिल्डर ने नकद रसीदों को फर्जी बताया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि बिल्डर के कहने पर ही उन्होंने नकद भुगतान किया था। उन्होंने बताया कि 30 जून 2025 तक दुकानों का कब्जा देने का वादा किया था। हालांकि, बिल्डर ने अभी तक कब्जा प्रमाण पत्र और पूर्णता प्रमाण पत्र प्राप्त नहीं किए हैं।
इसके बावजूद बिल्डर शेष 50 फीसदी भुगतान के लिए दबाव डाल रहा है। भुगतान न करने पर बुकिंग रद करने की धमकी भी दी जा रही है। पीड़ितों ने ग्रेनाइट हिल प्रॉपर्टीज प्राइवेट लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक गुरिंदर सिंह सिक्का और प्रबंध निदेशक हरविंदर सिंह सिक्का पर भी यही आरोप लगाए हैं।
बुलमैन रियल्टी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के उपाध्यक्ष बिक्री अंबुज शुक्ला और प्रबंधक श्वेता मिश्रा के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कराई है। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। साथ ही जरूरत पड़ने पर आरोपियों को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए भी बुलाया जाएगा। बिल्डर पक्ष से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।