जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने शुक्रवार सुबह तहरीर दी। इनका आरोप है कि बृहस्पतिवार रात को वह अपने घर पर ही मौजूद थे। रात करीब दस बजे उनकी 16 वर्षीय पुत्री संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। इसके बाद किशोरी की तलाश शुरू कर दी गई। बताया गया कि गांव निवासी युवक आशीष जो कि गैरजनपद में सिपाही के पद पर तैनात है वह अपने भाई के खाली पड़े मकान से निकल कर जा रहा था। उसके पीछे उनकी पुत्री रोते हुए बाहर निकली। पीड़िता ने परिजनों को बताया कि आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की और फिर डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। परिजनों की सूचना पर पुलिस की पीआरवी ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल भी की। सीओ अतुल चौबे ने बताया कि किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पीड़िता का मेडीकल परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपी युवक मुरादाबाद जिले में तैनात पुलिसकर्मी है। जल्द ही उसे भी दबोच लिया जाएगा।