इंदिरापुरम। छात्र-छात्राओं से करोड़ों की फीस लेकर अचानक सेंटर बंद करने वाले फिटजी के प्रबंध निदेशक डीके गोयल, केंद्र प्रमुख आशीष गुप्ता, प्रशासनिक प्रमुख भरत सहगल और अन्य कर्मचारी राजीव बब्बर के खिलाफ इंदिरापुरम पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
इनके खिलाफ रविवार को बड़ी संख्या में एकत्र हुए अभिभावकों ने पुलिस से शिकायत की थी। आरोप था कि फिटजी ने इंटीग्रेट कोर्स में बच्चों का प्रवेश लेकर पूरी फीस पहले ही जमा करा ली। इसके बाद दो फरवरी को अचानक सेंटर बंद कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार को 35 से भी ज्यादा अभिभावकों की तरफ से सामूहिक तौर पर तहरीर सौंपी गई थी। उनका कहना था कि उन्होंने फिटजी के इंटीग्रेट प्रोग्राम कोर्स में बच्चों का प्रवेश कराया था। सेंटर में 73 छात्र पढ़ रहे थे, जिनसे फीस के रूप में पौने दो करोड़ रुपये लिए गए थे।
आरोप है कि फिटजी प्रबंधन के अधिकारियों ने बिना पूर्व सूचना के ही दो फरवरी 2025 को स्टडी सेंटर भी बंद कर दिया। साथ ही इंदिरापुरम स्थित जयपुरिया स्कूल में अनुबंध के तहत होने वाले शिक्षण कार्यक्रम को भी बंद कर दिया। इस वजह से छात्र और उनके माता-पिता दोनों मानसिक रूप से परेशान हैं। साथ ही आर्थिक नुकसान भी हुआ है।
अभिभावकों ने फिटजी प्रबंधन के अधिकारियों पर फीस बतौर जमा कराई रकम हड़पने का भी आरोप लगाया है। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
लगातार बंद हो रहे कोचिंग सेंटर
फिटजी के कोचिंग सेंटर लगातार बंद होते जा रहे हैं। एनसीआर में कई सेंटर बंद हो चुके हैं। इनमें गाजियाबाद के आरडीसी स्थित सेंटर, इंदिरापुरम के जयपुरिया स्कूल में चल रहा सेंटर, नोएडा के सेक्टर-62 स्थित सेंटर, ग्रेटर नोएडा के नाॅलेज पार्क स्थित सेंटर, दिल्ली के लक्ष्मी नगर स्थित सेंटर शामिल हैं। इनके अलावा मेरठ, वाराणसी और रांची के सेंटर भी बंद हो चुके हैं। सभी जगह एक ही वजह बताई जा रही है कि शिक्षकों का कई महीने से वेतन नहीं मिला।
आने वाली परीक्षाएं
1. जेईई
जेईई मेन 2025 के पहले सत्र की परीक्षा 30 जनवरी को समाप्त हो चुकी है। इसका रिजल्ट 12 फरवरी को घोषित किया जाएगा जेईई मेन अप्रैल सत्र के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 31 जनवरी 2025 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक उम्मीदवार 24 फरवरी 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। अप्रैल सत्र की परीक्षा एक से आठ अप्रैल तक आयोजित की जाएगी और परिणाम 17 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे।
2. नीट
स्नातक मेडिकल पाठयक्रमों में दाखिले की राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश (नीट यूजी ) परीक्षा 2025 चार मई को होगी। इच्छुक उम्मीदवार सात मार्च तक आवेदन भर सकते हैं। परीक्षा का परिणाम 14 जून को जारी होने की संभावना है। इसकी मेरिट से एमबीबीएस, बीडीएस, बीएएमएस, बीयूएमएस,बीएसएमएस के अलावा चार वर्षीय बीएससी डिग्री में सीट मिलेगी।