खोड़ा। लेबर चौक पर सिक्याेरिटी एजेंसी में काम करने वाले फील्ड अफसर पर 90 लाख रुपये गबन करने का मामला सामने आया है। एजेंसी के संचालक केके तिवारी ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। आरोप है कि फील्ड अफसर रकम गबन कर परिवार समेत घर से भाग गया है। उन्होंने पुलिस आयुक्त से शिकायत की है।
एजेंसी के संचालक केके तिवारी ने बताया कि खोड़ा में रहने वाला एक युवक पिछले चार साल से एजेंसी में काम कर रहा था। वह फील्ड में ड्यूटी के प्रबंधन और गार्डों को एडवांस भुगतान का काम देखता था। चार साल से वह कंपनी से लिए चेक बनवा कर और खातों में इनकी रकम ट्रांसफर करा था। इतना ही नहीं, उसने कुछ सुरक्षा गार्डों को एडवांस सैलरी बांटने के बहाने रुपये अपने खाते में जमा करा लिए।
बीते दिनों एजेंसी में ऑडिट हुआ तो गबन के बारे में पता चला। जांच में आया कि एजेंसी से 80 से 90 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई है। उन्होंने फील्ड अफसर से जब रकम के बारे में पूछा तो वह बातों को छिपाने लगा। कई बार उसे खाते की डिटेल दिखाने के लिए कहा लेकिन वह घर का ताला लगाकर परिवार समेत भाग गया है। अब उसकी कहीं कुछ पता नहीं चल रहा है। एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत को जांच के लिए एंटी फ्रॉड सेल के पास भेजा है। फिलहाल जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज की कार्रवाई की जाएगी।