फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

23 जनवरी को राजभवन का घेराव करेंगे किसान, यूपी गेट पर भाकियू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया निर्णय

Tue, 12 Jan 2021 06:04 AM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, साहिबाबाद
विज्ञापन
गाजीपुर बॉर्डर पर बैठे किसान - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

यूपी गेट पर कृषि कानूनों की वापसी की मांग को लेकर धरने पर बैठे किसानों ने 23 जनवरी को लखनऊ में राजभवन का घेराव करने का एलान किया है। सोमवार को यूपी गेट पर भाकियू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में ये निर्णय लिया गया। इसके साथ ही किसानों ने सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को हुई सुनवाई के बाद कृषि मंत्री से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की है। बैठक में ये भी निर्णय लिया गया कि जब तक गन्ने का भाव घोषित नहीं होता, तब तक किसान अपने ट्रैक्टरों पर काले झंडे लगाएगा। 

विज्ञापन

 
यूपी गेट पर सोमवार को भाकियू के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई। इसमें सबसे पहले आंदोलन की आगे की रूपरेखा तैयार करने पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि 23 जनवरी को लखनऊ में राजभवन का घेराव किया जाएगा। इस पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने की जिम्मेदारी भाकियू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश चौहान को दी गई है। हजारों की संख्या में किसान लखनऊ पहुंचकर राजभवन का घेराव करेंगे। 

बैठक में सुप्रीम कोर्ट द्वारा सरकार को फटकार लगाने का स्वागत किया गया। निर्णय लिया गया है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले का अध्ययन करने के बाद फिर से कार्यकारिणी की बैठक होगी। जिसमें बाकी निर्णय लिया जाएगा। किसानों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी सरकार के लिए सख्त संदेश है। केंद्रीय कृषि मंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश चौहान, बलराम लंबरदार, युद्धवीर सिंह, अनिल तालान, महेंद्र चरौली, कुशलपाल, रतनमान, राजवीर जादौन, रवि आजाद युवा, दिगंबर सिंह, धर्मेंद्र मलिक, राजवीर सिंह, विनय कुमार, बिहार भाकियू के प्रभारी उदयभान और रामाशीष राय मौजूद रहे।
विज्ञापन


गन्ने का भाव 450 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग
बैठक में गन्ने का भाव जल्द से जल्द घोषित करने की मांग की गई। किसानों का कहना है कि गन्ने की कटाई हो चुकी है। किसान अपना गन्ना मिलों में दे रहे हैं लेकिन अभी तक सरकार ने गन्ने का भाव तय नहीं किया है। उन्होंने कहा है कि जब तक सरकार गन्ने का भाव 450 रुपये प्रति क्विंटल घोषित नहीं करती है तब तक किसान अपने ट्रैक्टरों पर काला झंडा लगाएंगे। 

26 जनवरी के परेड की चल रही तैयारी, नियुक्त होंगे जनपद प्रभारी
किसानों ने 26 जनवरी को दिल्ली में होने वाली परेड में शामिल होने का एलान कर रखा है। किसान ट्रैक्टरों के आगे तिरंगा लगाकर दिल्ली में कूच करेंगे। परेड में शामिल होने को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। बैठक में निर्णय लिया गया है कि 26 जनवरी के कार्यक्रम को सफल बनाने और तैयारी के लिए सभी जनपदों में एक प्रभारी नियुक्त किया जाएगा। वहीं, युवा किसानों ने भी यूपी गेट पर 26 जनवरी को परेड में शामिल होने की रिहर्सल शुरू कर दी है। सोमवार को किसानों ने खोड़ा कट से नोएडा-62 कट तक ट्रैक्टरों को लाइन में चलाकर रिहर्सल किया। किसानों का कहना है कि वह ट्रैक्टरों के साथ 26 जनवरी की परेड में अवश्य शामिल होंगे। पुलिस रोकने के लिए बल का प्रयोग करेगी तो किसान खड़े होकर राष्ट्रगान करेंगे। कहा कि किसान शांतिपूर्ण तरीके से 26 जनवरी की परेड में शामिल होना चाहते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें