लोनी। मंडोला विहार योजना से प्रभावित किसान सोमवार को आवास विकास परिषद द्वारा अधिग्रहित जमीन पर जुताई-बुआई करने के लिए दर्जनों ट्रैक्टर लेकर पहुंचे। लोनी के उप जिलाधिकारी अरुण दीक्षित मौके पर पहुंचे और उन्होंने किसान प्रतिनिधियों से बातचीत कर दो दिन में मंडलायुक्त से वार्ता कराने का आश्वासन दिया है।
पीड़ित किसानों का कहना है कि अपनी मांगो को लेकर धरने पर बैठे सात वर्ष से भी अधिक का समय हो गया है। आवास विकास परिषद के अधिकारी, जिला व मंडल प्रशासनिक अधिकारी शासन स्तर से किसानों की मांगों पर किसान प्रतिनिधियों से वार्ता करके समाधान निकालने के लिए पत्र जारी किया है। उसके बाद भी अधिकारी किसानों से वार्ता नहीं कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जब तक हमारी जायज मांगों पर सहमति नहीं बनेगी, हम किसी भी निर्माण कार्य का विरोध करेंगे और कुछ जमीन पर खेती कर ही रहे हैं। बाकी जमीन पर भी किसान जुताई बुआई करके परिषद से कब्जा मुक्त कराएंगे। यदि परिषद ने खड़ी फसलों को उजाड़ने का प्रयास किया तो आंदोलन जारी रहेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी। भाकियू टिकैत ने भी आंदोलन का समर्थन किया है।