फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Farmers Protest LIVE Updates: सरकार और किसान संगठनों की आज की बैठक समाप्त, अगली बातचीत 8 जनवरी को

Mon, 04 Jan 2021 07:33 PM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

दिल्ली की कई सीमाओं समेत हरियाणा के कई जिलों में चल रहे किसान आंदोलन का 40वां दिन है। बीते 40 दिनों से किसान कृषि कानूनों को रद्द कराने के लिए ठंड, बारिश, कोहरे और शीतलहर का प्रकोप झेल कर भी डटे हुए हैं। आज सरकार और अन्नदाताओं के बीच महत्वपूर्ण बैठक हो रही है, जिसकी सफलता और विफलता पर इस आंदोलन का भविष्य टिका हुआ है। देश के किसानों का ये आंदोलन दिनोंदिन बढ़ता ही जा रहा है। जहां रविवार को यूपी गेट(दिल्ली-यूपी बॉर्डर) के अलावा किसानों नेे ज्ञानी बॉर्डर पर भी कब्जा कर लिया। वहीं राजस्थान से दिल्ली की ओर आ रहे किसानों पर देर रात हरियाणा पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और पानी की बौछारें भी कीं। यह घटना गुरुग्राम से मात्र 16 किलोमीटर दूर रेवाड़ी अलवर मार्ग पर हुआ। जानकारी के अनुसार आज सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर बैठे किसान इन किसानों को दिल्ली लाने मौके पर जाएंगे। आगे पढ़ें दिनभर के सभी अपडेट्स....
विज्ञापन
शुरू हुई किसान नेताओं और सरकार की बैठक - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:33 PM, 04-Jan-2021

दिल्ली बॉर्डर पर ठंड लगने से किसान की तबीयत बिगड़ी, घर पहुंचते ही रात को हो गई मौत

कृषि कानूनों खिलाफ दिल्ली बॉर्डर पर किसान आंदोलन में शामिल संगरूर के गांव बखोपीर के किसान गुरचरण सिंह की ठंड लगने से मौत हो गई। यूनियन के ब्लॉक उपाध्यक्ष गुरभजन सिंह बखोपीर ने बताया कि मृतक किसान गुरचरण सिंह (67) कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली बॉर्डर पर आंदोलन में शामिल होने गए थे। अधिक ठंड लगने से गुरचरण सिंह की तबीयत खराब हो गई और वह रविवार को घर आ गए लेकिन रात को तबीयत अधिक बिगड़ने से उनकी मौत हो गई।

07:21 PM, 04-Jan-2021

हम कानूनों का पूरा रोलबैक चाहते हैं: युधवीर सिंह

भारतीय किसान यूनियन के युधवीर सिंह ने कहा कि मंत्री चाहते थे कि हम कानून-वार चर्चा करें। हमने इसे खारिज कर दिया और कहा कि कानूनों पर चर्चा करने का कोई मतलब नहीं है क्योंकि हम कानूनों का पूरा रोलबैक चाहते हैं। सरकार हमें संशोधन की ओर ले जाने का इरादा रखती है लेकिन हम इसे स्वीकार नहीं करेंगे। 
 

07:08 PM, 04-Jan-2021

'कानूनों को निरस्त करने तक विरोध वापस नहीं लिया जाएगा'

अखिल भारतीय किसान सभा के महासचिव हन्नान मोल्लाह ने कहा कि सरकार काफी दबाव में है। हम सभी ने कहा कि यह हमारी मांग है (कानूनों को निरस्त करना)। हम कानूनों को निरस्त करने के अलावा किसी अन्य विषय पर चर्चा नहीं चाहते हैं। कानूनों को निरस्त करने तक विरोध वापस नहीं लिया जाएगा।  
 

विज्ञापन
06:55 PM, 04-Jan-2021

'हमसे पूछा गया कि क्या आप क़ानून को रद्द किए बिना नहीं मानेंगे, हमने कहा हम नहीं मानेंगे'

सरकार के साथ मुलाकात के बाद किसान नेता दर्शन पाल ने कहा कि सरकार को यह बात समझ आ गई है कि किसान संगठन कृषि क़ानूनों को रद्द किए बिना कोई बात नहीं करना चाहते हैं। हमसे पूछा गया कि क्या आप क़ानून को रद्द किए बिना नहीं मानेंगे, हमने कहा हम नहीं मानेंगे।   
 

06:43 PM, 04-Jan-2021

8 तारीख तक का समय सरकार ने मांगा है: किसान नेता

सरकार के साथ मुलाकात के बाद किसान नेता ने कहा कि हमने बताया कि पहले कृषि क़ानूनों को वापिस किया जाए, MSP पर बात बाद में करेंगे। 8 तारीख तक का समय सरकार ने मांगा है। उन्होंने कहा कि 8 तारीख को हम सोचकर आएंगे कि ये क़ानून वापिस हम कैसे कर सकते हैं, इसकी प्रक्रिया क्या हो। 
 

विज्ञापन
06:26 PM, 04-Jan-2021

क़ानून वापसी नहीं तो घर वापसी नहीं: टिकैत

राकेश टिकैत ने कहा कि 8 जनवरी 2021 को सरकार के साथ फिर से मुलाकात होगी। तीनों कृषि क़ानूनों को वापस लेने पर और MSP दोनों मुद्दों पर 8 तारीख को फिर से बात होगी। हमने बता दिया है क़ानून वापसी नहीं तो घर वापसी नहीं। 
 

06:19 PM, 04-Jan-2021

कानून वापसी नहीं तो घर वापसी नहीं- राकेश टिकैत

सरकार के साथ किसान नेताओं की मुलाकात के बाद किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि कानून रद्द करने और एमएसपी पर आज चर्चा हुई। उन्होंने ये भी कहा कि कानून वापसी नहीं तो घर वापसी नहीं।

06:12 PM, 04-Jan-2021

मैं आशावान हूं, अगली बैठक में निकलेगा हलः नरेंद्र तोमर

कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने बताया कि आज हम किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सके। बैठक का माहौल अच्छा था लेकिन किसान संगठनों के कानून रद्द कराने की मांग पर अड़े रहने के कारण कोई हल नहीं निकला। लेकिन मैं आशावान हूं कि अगली बैठक जो 8 जनवरी को होगी उसमें कोई न कोई नतीजा निकलेगा। हमने किसानों को क्लॉज वाइज चर्चा करने को कहा और कुछ चर्चा एमएसपी पर भी हुई। हमें उम्मीद है कि आज की जैसी बात रही उसके हिसाब से अगली बैठक में हल निकलेगा।

06:08 PM, 04-Jan-2021

8 जनवरी को फिर होगी बैठक

केंद्र सरकार और किसान नेताओं के बीच चल रही बैठक खत्म हो गई है। अब इनकी अगली बैठक 8 जनवरी को होगी। किसान नेता प्रोफेसर दर्शन पाल ने कहा कि इस बैठक का ज्यादा कुछ खास नतीजा नहीं निकला।

05:08 PM, 04-Jan-2021

प्रियंका के ट्वीट पर बोले केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह- ऐसे लोगों को टिप्पणी नहीं करनी चाहिए

केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने किसानों को लेकर प्रियंका गांधी के ट्वीट पर कहा कि, कांग्रेस के पास किसानों और ग्रामीण मजदूर की समझ रखने वाला कोई नेता नहीं है। उन्हें ही नहीं पता कि उन्होंने 2 साल पहले क्या बोला और 2 दिन पहले क्या बोला। इसलिए ऐसे लोगों को टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।

04:20 PM, 04-Jan-2021

सरकार और किसानों ने नहीं खाया साथ खाना

आज की बैठक के दौरान लंच ब्रेक में किसानों ने मंत्रियों के साथ खाने से इनकार कर दिया और उनके साथ नहीं खाया।

04:10 PM, 04-Jan-2021

अगर बिचौलिए हटेंगे तो किसान की आय बढ़ेगी: कमल पटेल 

किसान नेताओं की सरकार से वार्ता पर मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री कमल पटेल ने कहा कि अगर बिचौलिए हटेंगे तो किसान की आय बढ़ेगी, अब किसान को आर्थिक आज़ादी मिली है, इसलिए पूरे देश का किसान मोदी जी के साथ है। अगर किसान नेता चाहते हैं कि किसान का भला हो, तो वो इस क़ानून का समर्थन करेंगे। 

 

03:39 PM, 04-Jan-2021

भाजपा की सरकार पर किसानों को बिल्कुल भरोसा नहीं है: अखिलेश

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा की सरकार पर किसानों को बिल्कुल भरोसा नहीं है। मंडी बंद कर दी, मंडी बेच दी, कितने किसानों पर आंसू गैस के गोले चलाए गए, कितनों की हत्या हो गई, कितनों ने आत्महत्या कर ली और कितनों की जानें चली गई लेकिन सरकार को परवाह नहीं है। 
 

03:30 PM, 04-Jan-2021

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, पीयूष गोयल, सोमप्रकाश ने रखा मौन

विरोध प्रदर्शन के दौरान जान गंवाने वाले किसानों के लिए केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, पीयूष गोयल, सोमप्रकाश ने किसान नेताओं के साथ विज्ञान भवन में दो मिनट का मौन रखा।
 

03:12 PM, 04-Jan-2021

आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों को दी श्रद्धांजलि

आज की बैठक के दौरान आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों को सरकार, अफसरों और किसान नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। उन्होंने किसानों के लिए दो मिनट का मौन भी रखा।
 

02:50 PM, 04-Jan-2021

बैठक में तीन केंद्रीय मंत्री मौजूद

किसान नेताओं और सरकार की बैठक शुरू हो चुकी है। इसमें हर बार की तरह केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर, पीयूष गोयल और सोम प्रकाश मौजूद हैं।
 

02:21 PM, 04-Jan-2021

किसान नेताओं और सरकार की वार्ता शुरू

किसान नेताओं और सरकार की बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक से जहां किसान नेताओं को बहुत ज्यादा उम्मीद नहीं है, वहीं कृषि मंत्री ने आज की बैठक में हल निकलने की बात कही है।

02:19 PM, 04-Jan-2021

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा- प्रजा की बात मानने से कोई शासक छोटा नहीं होता

किसानों के साथ सरकार की बैठक पर कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, देश सरकार की तरफ देख रहा है। सरकार से आग्रह है कि किसानियत नहीं तो कम से कम इंसानियत को देखते हुए, प्रजा की बात मानने से कोई शासक छोटा नहीं होता।

 

02:11 PM, 04-Jan-2021

किसानों के हौसले को सलाम, केंद्र से गुजारिश वापस ले काले कानूनः केजरीवाल

केजरीवाल ने किसान आंदोलन को लेकर आज कहा है कि, ठंड और बारिश के बीच सड़कों पर डटे हमारे किसानों के हौंसले को सलाम। मेरी केंद्र सरकार से अपील है कि आज की बैठक में किसानों की सारी मांगें मानते हुए तीनों काले कानून वापस लिए जाएं।

02:08 PM, 04-Jan-2021

शिव कुमार कक्का ने किया ये बड़ा दावा

किसान नेता शिव कुमार कक्का ने बैठक से पहले कहा कि मोदी सरकार डब्ल्यूटीओ जाकर हस्ताक्षर कर चुकी है कि वह किसानों का उत्पाद समर्थन मूल्य पर नहीं खरीदेगी। इसलिए हम ये आंदोलन कर रहे हैं और एमएसपी पर कानून चाहते हैं।

01:55 PM, 04-Jan-2021

ट्रैक्टर पर किसानों ने लगाया तिरपाल

किसानों ने बारिश से बचने के लिए अपने ट्रैक्टर और ट्रालियों पर तिरपाल लगा लिया है। उनका कहना है कि चाहे जो भी समस्या हो हम सहेंगे लेकिन कानून रद्द करवाए बिना नहीं जाएंगे।

12:58 PM, 04-Jan-2021

विज्ञान भवन पहुंचे किसान

कृषि कानूनों पर चर्चा के लिए किसान संगठनों का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली स्थित विज्ञान भवन पहुंचा है। कुछ ही देर में किसानों और सराकर के बीच बैठक शुरू होगी।
 

12:42 PM, 04-Jan-2021

प्रियंका गांधी ने सरकार पर साधा निशाना

किसानों के आंदोलन के बीच एक बार फिर प्रियंका गांधी ने सराकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि सरकार एक तरफ तो किसानों को बातचीत के लिए बुलाती है दूसरी तरफ इस कड़कड़ाती ठंड में उन पर आंसू गैस के गोले बरसा रही है। इसी अड़ियल और क्रूर व्यवहार की वजह से अब तक लगभग 60 किसानों की जान जा चुकी है। किसान कैसे विश्वास करे इस क्रूर सरकार पर?
 

12:29 PM, 04-Jan-2021

कृषि मंत्री बोले- आशा है आज निकलेगा समस्या का हल

कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने किसानों के साथ होने वाली बैठक से पहले कहा है कि उन्हें आशा है कि आज समस्या का कोई समाधान जरूर निकलेगा। हम बैठक में हर मुद्दे पर चर्चा करेंगे।
 

12:15 PM, 04-Jan-2021

हर 16 घंटे में हो रही एक किसान की मौतः राकेश टिकैत

गाजीपुर बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने आज कहा कि, अब तक 60 किसान अपनी जिंदगियां गंवा चुके हैं। हर 16 घंटे में एक किसान मर रहा है। यह सरकार की जिम्मेदारी है कि वह जवाब दे।
 

11:53 AM, 04-Jan-2021

मुरादनगर हादसे से आहत किसान, आज नहीं करेंगे मंच का संचालन, शाम को श्रद्धांजलि सभा

मुरादनगर में हुई घटना के बाद यूपी गेट पर किसानों ने सोमवार को मंच का संचालन नहीं करने का निर्णय लिया है। भकियू मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि हादसे में मारे गए लोगों को आज शाम किसान श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

11:36 AM, 04-Jan-2021

सीएम खट्टर जनरल डायर की तरह किसानों पर फायर करवा रहे हैंः राघव चड्ढा

हरियाणा में बीती रात किसानों पर छोड़े गए आंसू गैस के गोलों की घटना के बाद आम आदमी पार्टी ने हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर पर निशाना साधा है। आप विधायक राघव चड्ढा ने कहा है कि, 'सीएम खट्टर जनरल डायर की तरह हैं जो किसानों पर फायर करवा रहे हैं, आंसू गैस के गोले उन पर प्रयोग करवा रहे हैं। क्या देश के किसान हमारे दुश्मन हैं? क्या वो चीन या पाकिस्तान के सैनिक हैं? यह बेहद शर्मनाक है।'
 

11:08 AM, 04-Jan-2021

राहुल गांधी बोले- सरकार की क्रूरता के दृश्य देखने के बाद अब कुछ देखना शेष नहीं

ठंड और बारिश में भी अपनी मांगों को लेकर दिल्ली की सीमा पर डटे अन्नदाताओं की दशा और सरकार के रवैये पर राहुल गांधी ने एक बार फिर ट्वीट कर सवाला उठाया है। उन्होंने लिखा, सर्दी की भीषण बारिश में टेंट की टपकती छत के नीचे जो बैठे हैं, सिकुड़-ठिठुर कर वो निडर किसान अपने ही हैं, गैर नहीं। सरकार की क्रूरता के दृश्यों में अब कुछ और देखने को शेष नहीं।
 

10:54 AM, 04-Jan-2021

गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों को मिला बौद्ध भिक्षुओं का साथ

समाज के कई वर्गों के बाद अब किसानों को बौद्ध भिक्षुओं का भी साथ मिल गया है। गाजीपुर बॉर्डर पर कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का विरोध प्रदर्शन 38वें दिन भी जारी है। प्रदर्शन में बौध भिक्षुओं ने हिस्सा लिया। एक बौध भिक्षु ने बताया, 'हम लखनऊ से आए हैं। किसान सड़क पर हैं इसलिए हम मठों को छोड़ किसानों के साथ आए हैं। जब तक कानून वापस नहीं होंगे हम नहीं जाएंगे।'
 


 

09:52 AM, 04-Jan-2021

उम्मीद है आज कुछ हल निकलेगाः जिला प्रधान बिंदर सिंह गोलेवाला

कृषि कानूनों के खिलाफ बुराड़ी के निरंकारी समागम ग्राउंड में किसानों का प्रदर्शन जारी है। फरीदकोट के जिला प्रधान बिंदर सिंह गोलेवाला ने बताया, 'आज की बैठक में तीन कानूनों को रद्द करने की बात चलेगी। उम्मीद है कि बैठक में कुछ हल निकलेगा, अगर नहीं निकला तो हमारा संघर्ष चलता रहेगा।'

09:50 AM, 04-Jan-2021

सिंघु बॉर्डर पर बढ़ाई सुरक्षा

कृषि कानूनों के खिलाफ सिंघु बॉर्डर पर चल रहे किसानों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए बॉर्डर पर सुरक्षा बल तैनात है। खबर है कि यहां रेवाड़ी से किसान आ सकते हैं। आज किसानों और केंद्र सरकार की बैठक होनी है।

09:46 AM, 04-Jan-2021

लंबे समय तक आंदोलन में भाग लेने के कारण कमर दर्द का शिकार हो रहे किसान

सिंघु बॉर्डर पर दिनभर आंदोलन का हिस्सा बने रहने के कारण कई किसान कमर दर्द के भी शिकार हो रहे हैं। इस मर्ज के लिए न सिर्फ वे मेडिकल कैंप का रूख कर रहे हैं बल्कि आयुर्वेदिक दवाईयों से भी मर्ज को दूर कर रहे हैं। वहीं, सर्वाइकल, दिल की बीमारी, ब्लड प्रेशर व मधुमेह समेत अन्य बीमारियां भी किसानों का मर्ज बनी हुई हैं।

09:45 AM, 04-Jan-2021

राजनाथ से मिल तोमर ने गतिरोध खत्म कराने की रणनीति पर की चर्चा

किसान संगठनों के साथ सातवें दौर की वार्ता से पहले कृषिमंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने रविवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर गतिरोध समाप्त कराने की रणनीति पर चर्चा की। इस दौरान तोमर ने संकट पर बीच का रास्ता निकालने के लिए सभी संभव विकल्पों पर चर्चा की। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में कृषि मंत्रालय संभाल चुके राजनाथ किसानों के साथ मौजूदा गतिरोध समाप्त करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। पर्दे के पीछे राजनाथ इस मुद्दे को निपटाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। 

09:45 AM, 04-Jan-2021

कृषि कानूनों की प्रतियां जलाकर मनाएंगे लोहड़ी

सिंघु बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसान नेता मनजीत सिंह राय ने कहा, हम इस बार 13 जनवरी को लोहड़ी पर नए कृषि कानूनों की प्रतियां जलाएंगे। इसके अलावा 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को आजाद हिंद किसान दिवस के रूप में मनाया जाएगा। राय ने लोगों से 6-20 जनवरी तक किसानों के समर्थन में प्रदर्शन करने की अपील की। 

09:43 AM, 04-Jan-2021

आज वार्ता असफल रही तो किसान कब्जा करेंगे केेएमपी व केजीपी

सोमवार को होने वाली वार्ता असफल होने पर किसान केेएमपी व केजीपी पर कब्जा कर लेगा। 6 जनवरी को ट्रैक्टर रैली निकाली जाएगी। किसान केएमपी-केजीपी के रास्ते सिंघु बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर व चिल्ला बॉर्डर पर चल रहे धरने में शामिल होंगे। रैली के लिए 5 जनवरी को गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। पाल व खापों के हिसाब से जिम्मेदारी तय की जाएगी। भारतीय किसान मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार शर्मा उर्फ कक्का ने इस संबंध में किसानों से वार्ता भी की। 

09:42 AM, 04-Jan-2021

किसानों ने कहा- भगवान हमारे साथ, बारिश के बाद नहीं होगी सिंचाई की जरूरत

रविवार को भारी बारिश के बीच किसान पंडालों में डटे रहे। बारिश की परवाह किए बिना जुलूस निकालते हुए धरना स्थल पर पहुंचे। वहीं पूरे दिन लंगर भी चलता रहा। किसानों का कहना है कि भगवान भी उनके साथ है। किसान सड़कों पर हैं, तो बारिश ने खुद उनके खेतों की सिंचाई कर दी। ऐसे में अब फसलों में पानी देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। खेतों पर डटा किसान भी अब धरने में शामिल होगा।

09:41 AM, 04-Jan-2021

वार्ता असफल रही तो आंदोलन होगा तेज

पिछले 40 दिनों से चल रहे किसान आंदोलन की नजर अब सोमवार को केंद्र सरकार के साथ होने वाली वार्ता पर टिकी हुई है। वार्ता असफल रही तो निर्णायक आंदोलन किया जाएगा। वहीं अब तक अपने खेतों में सिंचाई करने वाले किसान भी बारिश के बाद राहत में हैं। सोमवार से वे भी धरने में शामिल होंगे। वहीं छह जनवरी से लेकर 26 जनवरी तक के कार्यक्रम को लेकर किसान बैठकों में व्यस्त हैं। 

09:38 AM, 04-Jan-2021

पश्चिमी यूपी और उत्तराखंड से आए किसान

भाकियू अंबावता के प्रदेश अध्यक्ष सचिन शर्मा ने बताया कि सैकड़ों की संख्या में किसान ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर यहां पर पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, अलीगढ़, गाजियाबाद समेत उत्तराखंड के किसानों ने उनके साथ यहां पर पहुंचकर ज्ञानी बॉर्डर पर कब्जा किया है।

09:13 AM, 04-Jan-2021

सरकार और किसान संगठनों की आज की बैठक समाप्त, अगली बातचीत 8 जनवरी को

यूपी गेट के बाद अब ज्ञानी बॉर्डर पर किसानों का कब्जा
गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित यूपी गेट के बाद रविवार को किसानों ने ज्ञानी बॉर्डर पर भी कब्जा कर लिया। किसान गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाली सड़क की एक लेन पर बैठ गए और चेतावनी दी कि जब तक सरकार तीनों कानून वापस नहीं लेगी तब तक वह यहीं बैठकर धरना देंगे। सड़क पर बैठकर किसानों के धरने से जीटी रोड पर दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। भाकियू (अंबावता) के बैनर तले रविवार सुबह सैकड़ों किसान जीटी रोड होते हुए ज्ञानी बॉर्डर पर पहुंचे। उन्होंने सड़क बंद कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग करते रहे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें