योगेंद्र यादव ने कहा कि 26 जनवरी को किसान इस देश में पहली बार गणतंत्र दिवस परेड करेंगे। पांच दौर की वार्ता के बाद ये सारी बातें कबूल हो गई हैं। सारे बैरिकेड खुलेंगे, हम दिल्ली के अंदर जाएंगे और मार्च करेंगे। रूट के बारे में मोटे तौर पर सहमति बन गई है।
'एक ऐसी ऐतिहासिक किसान परेड होगी जैसी इस देश ने कभी नहीं देखी'
किसान प्रतिनिधियों और पुलिस की बैठक के बाद योगेंद्र यादव ने कहा कि 26 जनवरी को हम अपने दिल की भावना व्यक्त करने अपनी राजधानी के अंदर जाएंगे। एक ऐसी ऐतिहासिक किसान परेड होगी जैसी इस देश ने कभी नहीं देखी। यह शांतिपूर्वक होगी और इस देश के गणतंत्र दिवस परेड पर या इस देश की सुरक्षा आन-बान-शान पर कोई छींटा नहीं पड़ेगा।
ओडिशा से 500 किसान पहुंचे यूपी गेट
ओडिशा से नवनिर्माण किसान संगठन के बैनर तले करीब 500 किसान 6 बसों के साथ शनिवार दिन में यूपी गेट पहुंचे।, संगठन के कोऑर्डिनेटर उमाकांत ने कहा कि वह 15 जनवरी को भुवनेश्वर से बंगाल व झारखंड होते हुए उत्तर प्रदेश के यूपी गेट पर पहुंचे हैं।
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद पहुंचे यूपी गेट
कांग्रेस नेता और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद शनिवार दिन में यूपी गेट पहुंचे। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी को होने वाली ट्रैक्टर रैली ऐतिहासिक होगी।
यूपी गेट पर लाया गया गुरु गोविंद सिंह का 400 साल पुराना नगाड़ा
यूपी गेट पर किसान आंदोलन में गुरु गोविंद सिंह के 400 साल पुराने नगाड़े को भी लाया गया, इन नगाड़ों को लाने वाले बाबा निहंग ने बताया कि नगाड़ों को जंग शुरू होने से पहले बजाया जाता है। 26 जनवरी की सुबह में ट्रैक्टर रैली शुरू होने से पहले नगाड़ों को बजाया जाएगा।
गणतंत्र दिवस और ट्रैक्टर परेड के मद्देनजर रूट बंद
वैशाली कट से यूपी गेट पर किसी भी वाहनों को आने की अनुमति नहीं है। यहां सिर्फ एम्बुलेंस, किसान और मीडियाकर्मियों को आने की अनुमति है।
खिलाड़ी रेनू कादयान भी पहुंची गाजीपुर बॉर्डर
वर्ल्ड रेस वाकिंग में 5वीं रैंक पर मौजूद स्पोर्ट्स खिलाड़ी रेनू कादयान सेहरावत भी यूपी गेट पर किसान आंदोलन को समर्थन देने पहुंचीं।
वैशाली सेक्टर-1 के कट तक पहुंची ट्रैक्टरों की कतार
वैशाली सेक्टर-1 के कट तक ट्रैक्टर-ट्रॉली की कतार पहुंच गई है। इसी के चलते यूपी गेट की ओर ट्रैफिक नहीं आने दिया जा रहा है।
महाराजपुर बॉर्डर पर वाहनों की बढ़ रही कतार
महाराजपुर बॉर्डर पर वाहनों का दबाव बढ़ने से शनिवार दिन में जाम लग गया। कौशांबी-वैशाली समेत मोहननगर, दिल्ली-वजीराबाद रोड पर ट्रैफिक धीमी गति से घंटो चला। गणतंत्र दिवस को लेकर सुरक्षा बढ़ाई गई है। पीएसी बल भी तैनात किया गया है।
किसान बिना लिखा-पढ़त दिल्ली जाएंगे
सरकार द्वारा डेढ़ साल तक कानूनों को रोक लगाने के प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने के मामले में राकेश टिकैत ने कहा कि अब सरकार से बातचीत टूटेगी और फिर एक महीने बाद किसानों की बात सुनी जाएगी। ट्रैक्टर रैली को लेकर टिकैत ने कहा कि, किसान बिना कागज और लिखा-पढ़त के भी दिल्ली जाएगा। वहीं सिंघु बॉर्डर पर एक संदिग्ध द्वारा प्रेस वार्ता करने के मामले में टिकैत ने कहा कि किसान कमेटी ने उस संदिग्ध को हरियाणा दिल्ली और पंजाब पुलिस को सौंपा है, यदि ट्रैक्टर रैली के दौरान कोई दंगा होता है तो उसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।