जाम खुलवाने के लिए यातायात पुलिसकर्मी तैनात रहे लेकिन फिर भी लोगों की परेशानी कम नहीं हुई। सुबह से ही यूपी गेट की तरफ गाजियाबाद-नोएडा के लाखों की मुसीबत बढ़ी रही। हाईवे पर जाम लगने के बाद वाहनों का दबाव वसुंधरा, वैशाली, कौशांबी और खोड़ा की अंदरूनी सड़कों पर बढ़ा रहा।
दिल्ली पुलिस ने किसानों को रोकने के लिए लोहे के फत्तों में कील डालकर बॉर्डर पर रखी हैं। इसके अलावा किसानों को रोकने के लिए रास्ते में कीलों का जाल बिछाया है। टिकरी बॉर्डर पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यहां भी कीलें बिछाई गई हैं।
दिनभर अधिकारियेां के घनघनाते रहे फोन
एडीसीपी यातायात वीरेंद्र कुमार ने बताया कि यूपीगेट बॉर्डर समेत सभी बिंदुओं पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। तड़के से पुलिस प्रशासनिक अधिकारी भी यूपीगेट, तुलसीनिकेतन बॉर्डर, लोनी बॉर्डर पर तैनात रहे। किसानों की अपडेट लेने के लिए उच्च अधिकारी के फोन भी आते रहे। बॉर्डर पर तैनात अधिकारियों के फोन दिनभर घनघनाते रहे। पुलिस प्रशासनिक अधिकारी किसान संगठनों से भी संपर्क साधते रहे। वहीं सुबह से ही अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में जाम खुलवाने में लगे रहे।