बुलंदशहर। जिला सहकारी बैंक ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की है। अब बैंक के सदस्य किसानों को फसली ऋण मात्र तीन फीसदी वार्षिक ब्याज दर पर उपलब्ध होगा। यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। यह निर्णय एआर को-आपरेटिव ने बैंक अधिकारियों की बैठक लेकर लिया है।
जिले की सहकारी समिति से जुड़े किसानों को कई तरह की सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाता है। किसान सहकारी बैंक से केसीसी के माध्यम से भी ऋण लेते हैं। इसके लिए तीन फीसदी ब्याज का प्रावधान है। जिले में किसानों को ब्याज सात फीसदी वसूली जा रही थी। इस मामले को लेकर पिछले काफी समय से किसान संगठन और किसान विरोध कर रहे थे। आरोप-प्रत्यारोप लग रहे थे कि सहकारिता विभाग और बैंक अधिकारी मिलीभगत कर अधिक ब्याज वसूल कर किसानों का आर्थिक बोझ बढ़ा रहे हैं।
डीएम कुमार हर्ष ने एआर को-ऑपरेटिव को आवश्यक निर्देश दिए। एआर को-ऑरेटिव अमित कुमार त्यागी ने बताया कि एडीएम प्रशासन प्रमोद कुमार ने सहकारी बैंक और समितियों से जुड़े अधिकारियों की बैठक लेकर साफ कर दिया है कि अब किसान से तीन फीसदी ब्याज ही लिया जाए।
साथ ही चेतावनी दी है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।