फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: सरकारी स्कूल में चपरासी लगवाने के नाम पर किसान से 10 लाख रुपये की ठगी

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। मसूरी थाने के चित्तौड़ा गांव में किसान के पौत्र की सरकारी स्कूल में चपरासी के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर शातिरों ने उनसे 10 लाख रुपये की ठगी कर ली। तीन साल से ज्यादा वक्त बीतने के बाद भी जब आरोपियों ने उनके रुपये नहीं लौटाए तो पीड़ित ने मामले में पुलिस आयुक्त को शिकायत दी। पुलिस आयुक्त के आदेश पर मामले में रिपोर्ट दर्जकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। चित्तौड़ा गांव निवासी रघुराज सिंह किसान हैं। उनका पौत्र विशाल बेरोजगार है। रघुराज ने बताया कि उन्होंने विशाल की नौकरी लगवाने के लिए अपने दूर के रिश्तेदार राहुल निवासी नार, थाना पिलखुवा जिला हापुड़ से बात की थी। उसने बताया कि इगलास, अलीगढ़ के वीरमति जूनियर हाइस्कूल में तैनात प्रधानाचार्य विनोद कुमार से उसके दो परिचितों के अच्छे संबंध हैं। वहां स्कूल में चपरासी का पद खाली है, जिस पर विनोद कुमार को तैनाती करने का पूरा अधिकार है। लेकिन इसके लिए उनको दस लाख रुपये रिश्वत देनी होगी। विश्वास दिलाने के लिए उसने विनोद कुमार और अपने दो परिचितों से भी बात करा दी। विश्वास करके रघुराज ने नवंबर-2020 को राहुल के कहने पर सचिन नाम के युवक को तीन लाख रुपये नकद व सात लाख रुपये चेक के द्वारा चार बार में दे दिए। आरोपी विशाल को लेकर इगलास भी गए, एक फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिया, जिसपर न कोई मुहर व न ही किसी सक्षम अधिकारी के हस्ताक्षर थे। स्कूल में उससे कई दिन तक काम कराया, लेकिन उसकी हाजिरी दूसरे लोगों के तरह नहीं लग रही थी। न ही उसको काम कराने के बदले वेतन दिया गया। पूछने पर कहने लगे कि अभी इस प्रक्रिया में समय लगेगा। वहां मौजूद कुछ लोगों से जानकारी करने पर पता चला कि आरोपियों ने उनसे 10 लाख की ठगी कर ली है और उनसे पूरा झूठ बोला जा रहा है। इसके बाद रघुराज ने आरोपियों से अपने रुपये की मांग की तो वह जान से मारने की धमकी देने लगे। परेशान होकर पीड़ित ने मामले में पुलिस आयुक्त को शिकायत दी। पुलिस आयुक्त के आदेश पर मामले में राहुल निवासी नार, पिलखुवा और सचिन, अमित गोस्वामी निवासी अनवरपुर, पिलखुवा, हापुड़ व विनोद निवासी मसूरी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस बारे में एसीपी मसूरी नरेश कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें