मसूरी। क्षेत्र के गांव रफीकाबाद में मकान का जाल तोड़कर चोरों ने 30 लाख की कीमत के आभूषण व एक लाख की नकदी चोरी कर ली। घटना को उस वक्त अंजाम दिया गया, जब परिवार में रिश्तेदारी में गया हुआ था। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले में छानबीन शुरू कर दी। रफीकाबाद निवासी आरिफ की जिला जेल के पास किराना की दुकान है। उन्होंने बताया कि वह तीन दिन पहले जमात में गए हुए थे। दिवाली समेत अन्य त्योहारों पर छुटटी होने की वजह से पत्नी बच्चों के साथ हापुड़ स्थित अपने मायके चली गईं। इसी मौके का फायदा चोरों ने उठा लिया और पीछे से जाल तोड़ लिया। अंदर दाखिल होकर उन्होंने अलमारी में रखे 30 लाख की कीमत के सोने के आभूषण व एक लाख की नकदी चोरी कर ली। बुधवार सवेरे परिवार लौटा तो अंदर सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। मामले में उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेल खंगाली। इस बारे में एसीपी लिपि नगायच ने बताया कि जांच कराई जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा। पुलिस की दो टीमे इसके लिए गठित की गई है।
-लगातार हो रहीं घटनाएं, लोगों में नाराजगी :
गाजियाबाद। 16 अक्तूबर को मोरटा गांव में चोरों ने सौरभ के मकान का ताला तोड़कर लाखों के आभूषण व नकदी चोरी कर ली। आरोपियों ने तब घटना को अंजाम दिया, जब परिवार केदारनाथ दर्शन को गया हुआ था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन खुलासा नहीं हुआ। पूर्व सभासद भूषण त्यागी ने बताया कि पुलिस ने अभी तक इस मामले में कार्रवाई नहीं की। उनका यह भी कहना था कि पुलिस ने बुधवार को वादी संवाद दिवस आयोजित किया, लेकिन उनको न बुलाया गया और न ही घटना के बारे में पूछा गया। वह इस मामले में डीसीपी से मिलकर समस्या से अवगत कराएंगे। घटना को किसी जानकार ने अंजाम दिया है। इसके बावजूद आरोपियों को पकड़ा नहीं गया। जितनी देर होगी, सामान की बरामदगी होनी मुश्किल है। इस बारे में एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि जांच चल रही है। जल्द खुलासा होगा।