हिमांशी कश्यप की मौत के मामले में सोमवार को राज्यसभा सांसद नरेंद्र कश्यप, उनकी पत्नी देवेंद्री कश्यप और बेटे डा. सागर को सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। डासना जेल में बंद तीनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट लाया गया। आगामी कार्यवाही के लिए कोर्ट ने अब 16 जुलाई की तारीख तय की है।
सीजेएम कोर्ट से यह मामला अब सेशन कोर्ट को कमिट किया जाएगा। 16 जुलाई से इस मामले की सुनवाई सेशन कोर्ट में ही होगी। बता दें कि राज्यसभा सांसद नरेंद्र कश्यप की पुत्रवधू हिमांशी कश्यप 6 अप्रैल को घर के बाथरूम में मृत मिली थी।
सिर में गोली लगने से उसकी मौत हुई थी। हिमांशी के परिजनों ने सांसद के परिवार के छह लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तभी से सांसद नरेंद्र कश्यप, उनकी पत्नी देवेंद्री और हिमांशी का पति डा. सागर डासना जेल में बंद हैं।
विगत शनिवार को ही पुलिस ने इस मामले की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की थी। हालांकि चार्जशीट में अभी सिर्फ सांसद, उनकी पत्नी और बेटे का ही नाम है। पुलिस का कहना था कि मामले के बाकी नामजद आरोपियों की बाबत जांच अभी जारी है।
कोर्ट इस चार्जशीट पर संज्ञान भी ले चुकी है। जिला शासकीय अधिवक्ता सुरेश यादव ने बताया कि 16 जुलाई को सीजेएम कोर्ट इस मामले को सेशन कमिट करेगी। इसके बाद मामले की सुनवाई सेशन कोर्ट में ही होगी।