प्रसव के बाद महिला की मौत पर अस्पताल में हंगामा
- फोटो : अमर उजाला संवाद
गाजियाबाद के मुरादनगर के न्यू डिफेंस कॉलोनी निवासी एक महिला की प्रसव के बाद हालत बिगड़ने पर मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने निजी अस्पताल के चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
न्यू डिफेंस कॉलोनी निवासी रामरतन ने बताया कि शुक्रवार- शनिवार मध्यरात करीब 12:30 बजे अपनी पत्नी उषा(27) को प्रसव पीड़ा होने पर दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित श्री श्याम हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। शनिवार सुबह करीब पौने सात बजे हॉस्पिटल में उषा ने सामान्य प्रसव के जरिए पुत्र को जन्म दिया। रामरतन ने बताया कि डिलीवरी के बाद कुछ समय तक मां और नवजात की हालत सामान्य थी। लेकिन कुछ देर बाद ही अचानक उषा की तबीयत बिगड़ने लगी। अस्पताल के चिकित्सकों ने अधिक रक्तस्राव होने की बात कहते हुए उसे गाजियाबाद रेफर कर दिया।
मृतका के पति रामरतन का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने समय पर उचित उपचार नहीं दिया और एंबुलेंस में उनकी पत्नी को लेकर 3 से 4 घंटे तक गाजियाबाद में अस्पतालों के चक्कर लगवाए। आरोप है कि काफी देर बाद महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उषा की मौत हो गई। पत्नी की मौत से टूटे परिवार ने अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए जोरदार हंगामा किया।
वहीं, अस्पताल संचालक पवन शर्मा ने मृतका के परिजनों को निराधार बताया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए समय पर रेफर किया गया था और उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर चिकित्सक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसीपी भास्कर वर्मा का कहना है कि शिकायत मिली है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।