साहिबाबाद। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से सोमवार को 55 औद्योगिक इकाइयों का विद्युत कनेक्शन दूसरे दिन भी नहीं जोड़े गए। कनेक्शन जुड़वाने के लिए उद्यमी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों से मिले। हालांकि फाइल लखनऊ भेजने की बात कही गई है। केवल साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र 4 में 24 घंटे में 30 लाख से अधिक नुकसान फैक्टरियों के बंद रहने से हुआ है।
विद्युत कनेक्शन काटे जाने के बाद सभी उद्यमी मंगलवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कार्यालय भी पहुंचे। वहां अधिकारियों से मुलाकात की तो उन्होंने बताया कि फाइल लखनऊ भेज दी गई है। अग्रिम आदेश के बाद भी कनेक्शन जोड़ दिए जाएंगे। उद्यमी प्रवीण जैन ने बताया कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की इस कार्रवाई से सही दिशा में काम करने वाले लोग प्रभावित हुए हैं। जिनकी फैक्टरी में प्रदूषण रहित काम हो रहा है, उनके कनेक्शन काटे गए हैं। इससे सभी फैक्टरियां बंद है और उत्पादन रुका हुआ है। उन्होंने बताया कि पहले ही एलपीजी समस्या के दौरान पहले ही मजदूरों की संख्या में कमी आई हुई है। वहीं, काम रुक जाने से समय पर ऑर्डर पूरा करना मुश्किल होगा। इससे प्रत्येक उद्यमी को लाखों का नुकसान झेलना पड़ेगा।