हिंडन एयरपोर्ट पर निर्माणकार्य के बीच एयरपोर्ट से बाहर निकलते हुए यात्री। संवाद
साहिबाबाद। हिंडन एयरपोर्ट पर उड़ानों की संख्या बढ़ाने और यात्रियों की सुविधाओं में वृद्धि के प्रयास शुरू किए गए हैं। इसके तहत 17 सितंबर से 10 अक्तूबर तक 24 दिवसीय यात्री सेवा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य जोर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने और उड़ानों की संख्या बढ़ाने पर है।
बुधवार को निदेशक डॉ. चिल्का महेश ने पत्रकार वार्ता में विकास योजनाओं की जानकारी दी। हिंडन एयरपोर्ट प्रबंधन ने उड़ानों की संख्या बढ़ाने की कवायद दोबारा शुरू की है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने आकाशा और इंडिगो एयरलाइंस को नए शहरों को जोड़ने के लिए पत्र लिखा है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय को लखनऊ, प्रयागराज और अयोध्या के लिए हवाई सेवा प्रस्ताव भेजा गया है। एयरपोर्ट परिसर में चल रहा 770 वर्ग मीटर का विस्तार कार्य 31 अक्तूबर तक पूरा होगा। वायुसेना से चार नए विमान खड़े करने की मंजूरी मिल गई है। जिला प्रशासन को 6.8 एकड़ भूमि अधिग्रहण का मास्टर प्लान भेजा गया है। वर्तमान प्रशासनिक कार्यालय को शिफ्ट कर कार्गो सेवा संचालित करने की भी योजना है। कार्गो संचालन के लिए मौजूदा कार्यालय का आईआईटी से स्ट्रक्चर ऑडिट होगा।
यात्री सेवा अभियान
यात्री सेवा अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 10 अक्तूबर तक चलेगा। इस दौरान यात्री सुविधाओं और सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पहले दिन वंदे मातरम गायन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, दूसरे दिन स्वच्छता अभियान चलेगा। 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस पर यात्रियों का अभिनंदन होगा और 2 अक्तूबर को बड़ा सफाई अभियान चलेगा। पेयजल, हेल्प डेस्क, डिजिटल सुविधा, महिला, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के इंतजामों पर काम होगा।
स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन
वन एयरपोर्ट वन प्रोडक्ट योजना के तहत प्रत्येक माह स्वयं सहायता समूहों को स्टॉल लगाने का मौका मिलेगा। हिंडन एयरपोर्ट पर गुड़ के उत्पाद बेचने के अलग-अलग स्टॉल लगाए जाएंगे। एयरपोर्ट प्रबंधन एनजीओ को काउंटर रेट में 50 फीसदी तक की छूट देगा। इससे अधिक से अधिक एनजीओ अपने उत्पाद का स्टॉल लगा सकेंगे।