लोनी। पॉक्सो के केस में गवाही देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की गई है। ट्रानिका सिटी थाना क्षेत्र के नौरसपुर गांव का मामला है। नौरसपुर गांव निवासी राजेश्वर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नाैरसपुर गांव के पास खनन के पास मौजूद खेत देखने गए थे। खेत के पास खनन पर गांव निवासी नरेंद्र उर्फ दीपांशु और धर्मेंद्र उर्फ हिमांशु दो भाई मौजूद थे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में दीपक उर्फ वीरेंद्र और उसके पुत्र धर्मेंद्र ने उनके भाई ब्रजेश्वर त्यागी की हत्या कर दी थी। उनकी गवाही पर न्यायालय ने पिता पुत्र को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। नरेंद्र पर पॉक्सो थर्ड न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है और वह चश्मदीद गवाह है। आरोप है कि खेत से घर लौटते समय दोनों भाइयों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की। साथ ही धर्मेंद्र ने उन्हें पॉक्सो के केस में गवाही देने पर जान से मारने की धमकी दी। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।