डेढ़ साल पहले तय हुई थी शादी
आदर्श नगर निवासी देवेंद्र गुरुग्राम में टैक्सी चलाने का काम करते हैं और उनकी पत्नी नोएडा सेक्टर 13 स्थित फैक्टरी में नौकरी करती हैं। वह अपनी पत्नी और दोनों बेटी खुशी व निधि के साथ वालमीकि चौक पर तेजपाल प्रधान के मकान में किराये पर रहते हैं। पुलिस के अनुसार करीब डेढ़ वर्ष पहले जॉनी से खुशी की शादी तय हुई थी। दोनों की बातचीत शुरू हो गई। करीब चार माह पहले दोनों परिवारों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद कई दिनों तक बातचीत का सिलसिला चलता रहा।
खुशी के परिवार वालों ने कर दिया था शादी से इनकार
रिश्तेदारों व स्थानीय लोगों की मौजूदगी में बैठकर बातचीत भी हुई लेकिन कोई हल नहीं निकला। इसके बाद खुशी के परिजनों ने रिश्ता तोड़ते हुए शादी करने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि इस बात से जॉनी काफी नाराज था। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को जॉनी पिस्टल लेकर खुशी के घर के पास पहुंचा और खिड़की का शीशा तोड़कर फायरिंग का प्रयास किया।
खुशी के पेट और निधि के जबड़े में लगी गोली
जॉनी और उसके हाथ में पिस्टल देख कमरे में मौजूद खुशी और निधि ने भागने की कोशिश की लेकिन आरोपी ने चार-पांच राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान खुशी के पेट में गोली लगी और निधि के जबड़े में। आरोपी मौके से भाग गया। गोलियों की आवाज और युवतियों का शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल युवतियों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल मे भर्ती कराया। खुशी को जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
आधा घंटे रेकी की, बाइक पर चढ़कर की फायरिंग
देवेंद्र का परिवार मकान की पहली मंजिल पर रहता है। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी जॉनी फायरिंग करने से करीब आधा घंटा पहले खुशी के घर पहुंचा था। काफी देर तक गली के मुहाने पर बैठकर रेकी करता रहा। इसके बाद मौका मिलते ही आरोपी मकान के नीचे खड़ी बाइक पर चढ़कर पहली मंजिल की खिड़की तक पहुंचा। यहां से कांच तोड़कर खिड़की खोली और उसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग की।
लोग बोले ऐसे अपराधियों का हो एनकाउंटर
दिनदहाड़े घर में घुसकर गोली मारने का मामला सामने आते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय निवासी ललित ने कहा कि इस तरह की वारदात को अंजाम देने वाले का एंकाउंटर कर ढेर कर देना चाहिए। वहीं क्षेत्र की ही रहने वाली समाजसेवी डॉली फ्रांसिस ने कहा कि इस वारदात से आक्रोश का माहौल है। अगर इसमें आरोपी पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती है तो बहन-बेटियों को न्याय दिलाने के लिए लड़ाई लड़ी जाएगी।
दोनों बहनों की हालत नाजुक
दोनों युवतियों का इलाज चल रहा है, हालत के बारे में अभी कुछ कहा नहीं जा सकता। शादी टूटने के बाद गोली मारने की बात सामने आई है। दो टीमें गठित की गई हैं जो आरोपी की तलाश कर रही हैं। जल्द ही गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा। -धवल जायसवाल, प्रभारी डीसीपी ट्रांस हिंडन