जीडीए की लेटलतीफी से नंदग्राम के लोगों के लिए निर्माणाधीन आश्रम रोड अब उनके लिए सिर दर्द बन चुका है। सड़क निर्माण कार्य से लोगों का रास्ता तो बाधित हो ही गया है बिखरे हुए रोड़ी कंकर एक्सीडेंट का भी कारण बन रहे हैं।
नंदग्राम में रहने वाले लोग रोजाना आश्रम रोड का इस्तेमाल करते है । यह सड़क लोग मोहन नगर, दिल्ली और लोनी जाने के लिए इस्तेमाल करते है। हर रोज हजारों की संख्या में लोग इस रोड से दिल्ली की ओर जाते हैं।
स्थानीय निवासी पवन वोहरा ने बताया कि पिछले पांच माह से सड़क का निर्माण कार्य बन रहा है। इसकी वजह से सड़क पर चलना बाधित हो गया है। समीर खान ने बताया कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा यह निर्माण कार्य कछुआ गति की चाल से चलाया जा रहा है।
ऐसे में लोगों को त्वरित सुविधा की बजाय परेशानी ही झेलनी पड़ रही है। आश्रम रोड के निर्माणाधीन होने से अब नंदग्राम निवासियों को मेरठ रोड की तरफ होकर लंबे रूट का सफर तय करना होता है। यहां तक कि निर्माणाधीन होने की वजह से आस-पास के लोगों को हर रोज धूल मिट्टी की परेशानी झेलनी पड़ रही है।