गाजियाबाद के मोदीनगर के निवाड़ी के गांव खिदौंड़ा निवासी इंजीनियर कपिल त्यागी ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर जान दे दी। पिता ने पत्नी और ससुर पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए एसीपी मोदीनगर को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव खिदौंड़ा निवासी राधेश्याम त्यागी के अनुसार उनका 45 वर्षीय पुत्र कपिल त्यागी एक निजी कंपनी में सीनियर इंजीनियर था। कपिल त्यागी की शादी वर्ष 2011 में मुरादनगर के गांव असालतनगर निवासी युवती से हुई थी। कपिल त्यागी पत्नी और दो बच्चों के साथ निवाड़ी मार्ग स्थित कान्हा एनक्लेव में रहते थे। आरोप है कि शादी के बाद से ही पत्नी और ससुराल वाले कपिल का मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न कर रहे थे। बीते आठ नवंबर को दिवाली के दिन पत्नी और ससुर ने कपिल के साथ मारपीट की थी।
आरोपियों ने कपिल को खुदकुशी के लिए मजबूर किया। जिसके बाद कपिल ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कपिल के पुत्र दिव्यांश ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। कपिल को उपचार के लिए मोदीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत ज्यादा गंभीर होने पर उसे एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया। बृहस्पतिवार रात कपिल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।