इंदिरापुरम। इंदिरापुरम के नीतिखंड एक में प्लॉट नंबर 366, 372, 372, 391 और शक्ति खंड तीन व चार में लंबे समय से खाली पड़े भूखंडों पर झुग्गियां डालकर अवैध कब्जे कर लिए गए हैं। इससे निवासियों में नाराजगी है। लोगों ने अवैध बिजली, पानी और सीवर कनेक्शन होने पर भी आपत्ति जताई है। इंदिरापुरम वेलफेयर एसोसिएशन (फेडरेशन) के सचिव सुदर्शन अवस्थी ने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल को अंतिम पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि जीडीए के आवंटित करीब 10 से 20 प्रतिशत प्लॉट लंबे समय से खाली पड़े हैं। आरोप है कि इनमें से कई भूखंडों पर भू-माफिया और झुग्गी-झोपड़ी वालों ने कब्जा कर लिया है। इन स्थानों पर कथित तौर पर बिजली, पानी और सीवर के अनधिकृत कनेक्शन भी चल रहे हैं।
छह महीने का नोटिस और आवंटन रद्द करने की मांग
एसोसिएशन ने मांग की है कि खाली भूखंडों के मूल आवंटियों को छह महीने का नोटिस देकर निर्माण शुरू करने या कब्जा हटवाने के निर्देश दिए जाएं। निर्धारित अवधि में कार्रवाई न होने पर नियमों के तहत आवंटन निरस्त करने की मांग की गई है। साथ ही प्रवर्तन टीम से अवैध कब्जे हटाने और अनधिकृत कनेक्शन काटने की मांग की गई है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर मामला उच्च अधिकारियों और मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचाया जाएगा। वहीं जीडीए के मीडिया प्रभारी रुद्रेश शुक्ला ने बताया कि आवंटित प्लॉट पर झुग्गी बनाकर रहने के मामले में टीम को भेजकर निरीक्षण कराया जाएगा।